पाकिस्तान की गैर-जिम्मेदाराना हरकतों के चलते दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत की आतंकवादियों के खिलाफ की गई कार्रवाई से बिलबिलाए पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। पाकिस्तान की तरफ से 9-10 मई की रात की गई गैरजिम्मेदाराना हरकतों के बाद आज यानी 10 मई की सुबह विदेश मंत्रालय और भारतीय सेना ने एक प्रेस ब्रीफिंग की। इस ब्रीफिंग में पाकिस्तान की हर ना'पाक' हरकत के बारे में जानकारी दी गई।
पाकिस्तान ने 26 से ज्यादा स्थानों से घुसपैठ की कोशिश की
कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि पाकिस्तान ने रातभर पूरी पश्चिमी सीमा पर लगातार आकाम्रक गतिविधियां जारी रखी। इसके लिए पाकिस्तान ने यूकैप ड्रोन, लॉन्ग रैंज के हथियार, भारी हथियार और लड़ाकू विमानों का उपयोग करके भारतीय सैन्य ढांचे को निशाना बनाया। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान ने सुबह 1.40 बजे हाईस्पीड मिसाइल इस्तेमाल करके पंजाब के एयरबेस स्टेशन को दागने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की तरफ से नियंत्रण रेखा पर भी ड्रोन घुसपैठ और भारी कैलीबर हथियारों से गोलाबारी की गई। अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC पर श्रीनगर से नलिया तक 26 से ज्यादा स्थानों पर हवाई घुसपैठ की कोशिशें की पाकिस्तान की तरफ से हुईं।
सेना ने बताया कि भारतीय सशस्त्र बलों ने अधिकांश खतरों को सफलतापूर्वक निष्किय कर दिया। फिर भी उधमपुर, पठानकोट, आदमपुर, भुज और बठिंडा वायुसेना स्टेशनों पर उपकरणों और सैन्य कर्मियों को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने जानकारी दी कि पाकिस्तान ने श्रीनगर, अवंतीपुर और उधमपुर के वायुसेना अड्डों पर चिकित्सा केंद्र और स्कूल परिसर को भी निशाना बनाया। जिससे उसके द्वारा सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करने की गैर जिम्मेदाराना प्रवृत्ति फिर उजागर हुई।
