पाकिस्तान की तरफ से कल यानी गुरुवार 8 मई की रात भारत में 36 जगहों पर 300-400 ड्रोन से अटैक किया गया। MEA की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने पाकिस्तान की एक-एक हरकत का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की तरफ से पूरी पश्चिमी सीमा पर लेह (लद्दाख) से लेकर सरक्रीक (गुजरात) तक 36 जगहों को निशाना बनाने की कोशिश की गई।
पाकिस्तान ने इन हमलों के लिए तुर्किए में बने ड्रोन्स का इस्तेमाल किया। लेकिन भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी ड्रोन्स को मार गिराया। पाकिस्तान की तरफ से जिन प्रमुख जगहों पर हमले की कोशिश की गई, उनके नाम यहां है -
- सांबा
- जम्मू
- अखनूर
- पठानकोट
- बठिंडा
- होशियारपुर
- जैसलमेर
- पोखरण
- कच्छ
यही नहीं भारत की इन दो जांबाज बेटियों ने भारतीय सेना के हर पराक्रम की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे पाकिस्तान ने कल रात नियंत्रण रेखा पर भारी शैलिंग की, जिसका करारा जवाब भारत की तरफ से दिया गया।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि पाकिस्तान की तरफ से पंजाब के बठिंडा में मिलिट्री स्टेशन पर भी हमले की कोशिश की गई। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस ना'पाक' कोशिश को भी नाकाम कर दिया। दोनों सैन्य अधिकारियों ने बताया कि भारत ने पाकिस्तान के हमले का जवाब देते हुए उनके चार सैन्य ठिकानों पर सशस्त्र ड्रोन हमला किया गया और उनके एक डिफेंस सिस्टम को ध्वस्त कर दिया।
बता दें कि भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेते हुए 6 और 7 मई की दरम्यानी रात पाकिस्तान और PoK के कुल 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक किया। इसमें तमाम आतंकी ठिकाने तबाह हो गए और कई आतंकवादी मारे गए।
