न्यूयॉर्क : पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकवादी ठिकानों पर भारत के Operation Sindoor के तहत एयर स्ट्राइक के बाद दोनों देशों में टेंशन का माहौल है। पाकिस्तान की तरफ से भारत के शहरों को निशाना बनाकर मिसाइलें दागी गई हैं, जिन्हें भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया। भारत और पाकिस्तान की तरफ से तमाम नेता बयान दे रहे हैं। लेकिन अब तक दोनों देशों के बीच बढ़ती टेंशन को युद्ध का नाम नहीं दिया गया है।
इस बीच अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवादियों के खिलाफ युद्ध लड़ रहा है। भारत पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाकर रहेगा।
राजदूत विनय क्वात्रा ने कहा कि आतंकवादियों को दुनिया में कहीं भी छिपने की जगह नहीं मिलेगी। सीएनएन को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को हुआ आतंकी हमला बहुत ही जघन्य था और हम आतंकियों के ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा, 'किसी को भी यह कहने का अधिकार नहीं है कि आतंकवादियों को बख्श दिया जाए। हमने आतंकवादियों पर हमला किया है और उन्हें उनके कृत्य के लिए जिम्मेदार ठहराया है। हमने उन्हें न्याय के कटघरे में खड़ा किया है।'
Input - PTI
