'PAK के अलावा 3 अन्य देशों ने नहीं किया 'ऑपरेशन सिंदूर' का समर्थन', 'न्यू नॉर्मल' का जयशंकर ने किया खुलासा

ऑपरेशन सिंदूर विषय पर लोकसभा में चर्चा में भाग लेते हुए जयशंकर ने पाकिस्तान को चीन के समर्थन पर विपक्ष के आक्षेपों को नकारते हुए कहा कि दोनों देशों की साझेदारी 60 साल से कांग्रेस के समय से चल रही है। विदेश मंत्री ने सदन में कहा, ‘पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश देना जरूरी था। हमारी सीमाएं लांघी गईं तो यह संदेश देना जरूरी था कि परिणाम अच्छे नहीं होंगे।’

S Jaishankar: सोमवार को 'ऑपरेशन सिंदूर' पर लोकसभा में जारी चर्चा विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विपक्ष के सवालों का जवाब तो दिया ही, उन्होंने कई बातें भी स्पष्ट कीं। उन्होंने बताया कि दुनिया के 193 देशों में से पाकिस्तान के अलावा तीन अन्य देशों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का समर्थन नहीं किया। हालांकि, ये तीन देश कौन थे विदेश मंत्री ने इसका खुलासा नहीं किया। जयशंकर ने यह भी बताया कि 22 अप्रैल और 17 जून के बीच पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच कोई बातचीत नहीं हुई।

jaishankar

ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा में भाग लेते विदेश मंत्री एस जयशंकर। तस्वीर-ANI

भारत के 'न्यू नॉर्मल' सिद्धांत के बारे में बताया

'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत के 'न्यू नॉर्मल' सिद्धांत का जिक्र करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि 'पहला, अब आतंकवादियों को प्रॉक्सीज नहीं माना जाएगा, दूसरा, सीमा पार से होने वाले आतंकवादी हमलों को सीधा एवं उचित जवाब मिलेगा, तीसरा, आतंकवाद को छोड़कर किसी अन्य मुद्दे पर बातचीत नहीं होगी, चौथा, भारत परमाणु हथियार की धमकी के आगे नहीं झुकेगा और पांचवां, खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।'

End of Feed