Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बाद आतंकवाद के खात्मे को लेकर भारतीय सेना (Indian Army) का जम्मू कश्मीर में बड़ा ऑपरेशन चल रहा है। आतंकी गतिविधियों में शामिल स्थानीय लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, अब भारतीय सेना ने जम्मू कश्मीर में 12 से अधिक ठिकानों पर छापे मारे हैं। ये छापेमारी जम्मू कश्मीर में सक्रिय आतंकवादियों के घरों पर की गई है।
डोडा और किश्तवाड़ में आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना की बड़ी कार्रवाई
पाकिस्तान बिना उकसावे बार-बार कर रहा फायरिंग
ताजा जानकारी के अनुसार, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भी पाकिस्तान की हिमाकत लगातार जारी है। पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर LOC पर अकारण गोलीबारी की है। भारतीय सेना ने बताया कि 27-28 अप्रैल 2025 की रात को पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने कुपवाड़ा और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा के पार बिना किसी उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय सैनिकों ने प्रभावी ढंग से इसका जवाब दिया। बता दें, पहलगाम हमले के बाद से ही पाकिस्तान एलओसी पर लगातार फायरिंग को अंजाम दे रहा है। ये चौथी बार है जब उसने बिना उकसावे सीमा पर फायरिंग की है। पाकिस्तान की ओर से देर रात को फायरिंग की जा रही है। लेकिन भारत ने हर बार इसका करारा जवाब दिया है। भारत के सख्त कदमों से पाकिस्तान इस कदर बौखला उठा है कि फायरिंग करके अपनी भड़ास निकाल रहा है।
