Manipur Rain: मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने रविवार को अधिकारियों से हाई अलर्ट पर रहने और जरूरी राहत उपाय करने के निर्देश दिए हैं। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आई हैं।
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह (फोटो साभार: @YKhemchandSingh)
CM खेमचंद ने क्या कुछ कहा?
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि बारिश और ओलावृष्टि से कई परिवारों और समुदायों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा, "मौजूदा हालात को देखते हुए मैंने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे हाई अलर्ट पर रहें और प्रभावित लोगों पर पड़ने वाले असर को कम करने के लिए तुरंत और मिलकर कदम उठाएं।"
'मौजूदा हालात पर हमारी करीब से नजर'
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव टीमों को तेजी से काम करने का निर्देश दिया गया है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि बुनियादी जरूरतों सहित जरूरी मदद, जरूरतमंद लोगों तक बिना किसी देरी के पहुंच सके। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग हालात पर करीब से नजर रख रहे हैं और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं।
लोगों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा, ''इस मुश्किल समय में मैं हर नागरिक को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि सरकार पूरी मजबूती से आपके साथ खड़ी है। हम अपने लोगों की भलाई और रक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं और हर प्रभावित परिवार को राहत, सुरक्षा और मदद सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाते रहेंगे।''
आंधी तूफान का कहर
मणिपुर के कई हिस्सों में शनिवार और रविवार को भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने जमकर कहर बरपाया, जिनमें पहाड़ी और घाटी वाले इलाके भी शामिल हैं। रविवार को आए तूफान की वजह से पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिसकी वजह से कई इलाकों की बिजली गुल हो गई।
