ओडिशा के बालासोर में आज मिसाइल परीक्षण, सरकार ने 10 हजार लोगों को दूसरी जगहों पर भेजा

बालासोर जिला प्रशासन ने मिसाइल के परीक्षण से पहले प्रक्षेपण स्थल के 3.5 किलोमीटर के दायरे में बसे 10 गांवों के 10,581 लोगों को अस्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की व्यवस्था की है।

Balasore Missile Test: ओडिशा के बालासोर जिला प्रशासन ने आज 24 जुलाई को किए जाने वाले मिसाइल परीक्षण से पहले 10 गांवों के 10,000 से अधिक लोगों को अस्थायी रूप से दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एक रक्षा सूत्र ने मंगलवार को बताया कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) में मिसाइल परीक्षण के लिए आवश्यक तैयारी भी पूरी कर ली है। उन्होंने बताया कि यह परीक्षण आईटीआर के प्रक्षेपण स्थल संख्या-3 से किया जाएगा।

10 गांवों के 10,581 लोगों को अस्थायी रूप से दूसरी जगह भेजा गया

इस बीच, एक राजस्व अधिकारी ने बताया कि बालासोर जिला प्रशासन ने मिसाइल के परीक्षण से पहले प्रक्षेपण स्थल के 3.5 किलोमीटर के दायरे में बसे 10 गांवों के 10,581 लोगों को अस्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की व्यवस्था की है। अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा उपाय के तौर पर प्रभावित लोगों को पर्याप्त मुआवजा देने के साथ ये व्यवस्थाएं की जा रही हैं। राजस्व अधिकारी ने बताया कि इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों को निकटवर्ती अस्थायी आश्रय केंद्रों में सुचारू तरीके से स्थानांतरित करने के लिए जिला प्रशासन ने जिलाधिकारी आशीष ठाकरे और पुलिस अधीक्षक सागरिका नाथ की मौजूदगी में मंगलवार को एक तैयारी बैठक की।

End of Feed