बिहार में भले ही जो अटकलें लगे, लेकिन नीतीश कुमार एक बार फिर ये स्पष्ट करते दिखे कि उनके उत्तराधिकारी तेजस्वी यादव ही होंगे। पहले भी नीतीश कुमार ऐसा इशारा कर चुके हैं, अब शनिवार को भी नीतीश कुमार ने एक बार ऐसा ही इशारा किया है।
नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव एक कार्यक्रम के दौरान (फोटो- tejashwiyadav)
ये भी पढ़ें- तेलंगाना में हो रही पैसों की बारिश? चुनाव से पहले नकदी और सोना जब्ती 300 करोड़ रुपये के पार
क्या बोले नीतीश कुमार
भाजपा नेताओं के साथ "व्यक्तिगत संबंध" संबंधी हालिया टिप्पणी के मद्देनजर उनके एक बार फिर से पलटी मारने को लेकर जब अटकलें लगने लगीं, तो नीतीश कुमार ने इसका आज जोरदार खंडन किया। तेजस्वी यादव की मौजूदगी में पत्रकारों से बात करते हुए कुमार ने उनके (यादव) कंधे पर हाथ रखा और कहा- "अब यह बच्चा मेरे लिए सब कुछ है।" यह इशारा राज्य के राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया।"
कांग्रेस का साथ
जब पत्रकारों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह से इस बारे में प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने कहा- "मुझे नहीं लगता कि मुख्यमंत्री ने जो कहा है, उसमें कोई आश्चर्य की बात है। कृपया याद रखें कि मुख्यमंत्री ने अतीत में यह स्पष्ट किया है कि वह चाहेंगे कि तेजस्वी अगले चुनावों में नेतृत्व करें। युवा नेता 2020 में पहले ही अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं, जब उन्होंने प्रचार अभियान का नेतृत्व किया था और महागठबंधन जीत के काफी करीब पहुंच गया था।"
पहले भी किया था इशारा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले साल कहा था कि जब बिहार में 2025 में अगला विधानसभा चुनाव होगा, तो राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के युवा नेता राज्य में सत्तारूढ़ महागठबंधन का "नेतृत्व" करेंगे। तब इससे जद (यू) में खलबली मच गई थी और संसदीय बोर्ड के प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने यह आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया था कि मुख्यमंत्री कुमार ने गठबंधन करते हुए अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी एवं राजद प्रमुख लालू प्रसाद के साथ एक "सौदा" किया है।
