CJP Leaders Preventive Arrest: जंतर-मंतर पर बिना अनुमति के प्रवेश करने और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेंद्र कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी करने के आरोप में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीन शीर्ष नेताओं—आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे को एहतियातन गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने हिरासत वाली तस्वीर शेयर करके इनका हौसला बढ़ाया है। दीपके ने एक्स पर पोस्ट में लिखा- कॉकरोच अंजिक्य शिंदे, आशुतोष रांका, और सौरव दास संसद स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के अंदर। कोई भी चीज उनके हौसले को तोड़ नहीं सकती। क्या शानदार तस्वीर है!
CJP नेता एहतियातन हिरासत में
बैरिकेड तोड़कर घुसे थे CJP नेता
ये तीनों नेता मंगलवार तड़के बैरिकेड्स पार करके उस विरोध स्थल पर घुस गए थे, जिसे हाल ही में प्रदर्शनों के लिए अधिकृत स्थल के रूप में डी-नोटिफाइड कर दिया गया था। पुलिस ने इन नेताओं के खिलाफ अनधिकृत प्रवेश, निषेधाज्ञा का उल्लंघन, शांति बांड तोड़ने और लोक सेवक को आधिकारिक ड्यूटी निभाने से रोकने सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने बताया कि रांका और दास ने पिछले शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में हुए एक अन्य प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के बाद एक साल तक शांति बनाए रखने के लिए एक बॉन्ड पर हस्ताक्षर भी किए थे। तीनों नेताओं को बुधवार सुबह कार्यपालक मजिस्ट्रेट (SEM) की विशेष अदालत के समक्ष पेश किए जाने की संभावना है।
SIR के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन
यह गिरफ्तारियां ऐसे समय में हुई हैं जब मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ CJP और अन्य संगठनों द्वारा लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं, जिसके चलते राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
बता दें कि 11 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने एक आदेश जारी कर रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और सीबीडी ग्राउंड को ही प्रदर्शनों और धरनों के लिए अधिकृत स्थल घोषित किया था, जिसके बाद जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया था। CJP ने इस फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि प्रदर्शनकारियों को राजनीतिक केंद्र से दूर शिफ्ट करने से जनता के विरोध की आवाज कमजोर होगी।
