राहुल गांधी के वोट चोरी वाले आरोपों पर चुनाव आयोग ने कहा कि कोई भी, किसी का भी वोट नहीं कटवा सकता है। राहुल गांधी ने कर्नाटक में काटे गए वोटों का हवाला देते हुए चुनाव आयोग पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद चुनाव आयोग ने आज एक बयान जारी कर इसका जवाब दिया है।
राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग ने दिया जवाब (फोटो- ANI&PTI)
ये भी पढ़ें- जब राबड़ी देवी के लिए लालू यादव बन गए 'साहेब', संबोधन के साथ-साथ बदल गई बिहार की राजनीति
चुनाव आयोग ने क्या कहा
चुनाव आयोग ने कहा- "किसी भी नागरिक द्वारा ऑनलाइन कोई भी वोट नहीं हटाया जा सकता। आलंद में मतदाताओं का गलत तरीके से नाम नहीं काटा गया है; 2023 में ईसीआई के प्राधिकार द्वारा ही मतदाताओं के नाम हटाने के संदिग्ध प्रयास के विरुद्ध एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
आलंद विधानसभा सीट को लेकर चुनाव आयोग ने क्या कहा
आयोग ने एक बयान में कहा कि यद्यपि निर्वाचन क्षेत्र का कोई मतदाता उस विशेष निर्वाचन क्षेत्र से किसी प्रविष्टि को हटाने के लिए ऑनलाइन फॉर्म-7 भर सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि केवल फॉर्म-7 जमा करने से प्रविष्टि स्वतः ही हटा दी जाती है।
बयान में कहा गया है कि कर्नाटक के आलंद विधानसभा क्षेत्र के मामले में, प्रविष्टि हटाने के लिए फॉर्म-7 के जरिये 6,018 आवेदन ऑनलाइन जमा किए गए थे और सत्यापन करने पर केवल 24 आवेदन वास्तविक पाए गए, जबकि 5,994 गलत पाए गए। बयान में कहा गया है कि तदनुसार, 24 आवेदन स्वीकार किए गए और 5,994 गलत आवेदनों को अस्वीकार कर दिया गया।
चुनाव आयोग का जांच का दावा
आयोग ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने से जुड़े आवेदनों की सत्यता पर संदेह होने के चलते जांच की गई और इसके बाद निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी, आलंद की ओर से एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उसने कहा कि आयोग के निर्देशों के आधार पर, कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने जांच पूरी करने के लिए छह सितंबर, 2023 को आयोग के पास उपलब्ध सभी जानकारी कलबुर्गी जिले के पुलिस अधीक्षक को सौंप दी।
