Karnataka CM Post Conflict Row: कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डीके शिवकुमार ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और पार्टी पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद सवाल उठने लगे कि क्या शिवकुमार और राहुल गांधी के बीच मुख्यमंत्री बदलने को लेकर कोई चर्चा हुई है या नहीं? इस पर उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने अब चुप्पी तोड़ी है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी संग कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री शिवकुमार (फोटो साभार: @DKShivakumar)
शिवकुमार ने क्या कुछ कहा?
शिवकुमार ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी की हालिया कर्नाटक यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री बदलने को लेकर कोई भी चर्चा नहीं हुई। मीडिया से बातचीत करते हुए शिवकुमार ने कहा, ''मैं कर्नाटक का कांग्रेस अध्यक्ष हूं और राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। इस तरह की बैठकें पूरी तरह प्रोटोकॉल के तहत होती हैं। ऐसी बातें सार्वजनिक रूप से नहीं की जाती हैं।''
शिवकुमार ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री बदलने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। राहुल गांधी ने हमें अच्छा काम जारी रखने को कहा है और हम उसी हिसाब से काम करेंगे।
किन मुद्दों पर हुई बात
उन्होंने बताया कि बैठक में विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें खासतौर पर राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (नरेगा) की प्रगति और राज्य के राजनीतिक हालात शामिल थे। उन्होंने कहा, ''हमने इस बारे में भी बात की कि नरेगा के संबंध में किस तरह की प्रगति हो रही है। हमने राज्य में भाजपा की राजनीति पर भी चर्चा की।''
दिल्ली दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवकुमार ने कहा, "मैं 16 जनवरी को दिल्ली जाऊंगा।" इससे पहले कांग्रेस विधायक अशोक पाटिल ने कहा था कि राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और उपमुख्यमंत्री शिवकुमार दोनों को दिल्ली आने को कहा है। हालांकि, बैठक की तारीख अभी तय नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि संक्रांति के बाद दोनों नेता दिल्ली जा सकते हैं और उसके बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।
