मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेट निशांत कुमार (Nishant Kumar) शनिवार को जनता दल यूनाइटेड पार्टी (Janata Dal United) में शामिल होंगे। शुक्रवार शाम पटना में जदयू विधायकों की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। पार्टी नेता नीरज कुमार ने बताया कि निशांत रविवार को (8 मार्च) जदयू में शामिल होंगे।
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जदयू में होंगे शामिल।
पूरे बिहार का दौरा करेंगे निशांत
नीरज कुमार ने बताया कि निशांत कुमार ने राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का फैसला किया है और वह जल्द ही पूरे बिहार का दौरा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी विधायकों को भरोसा दिलाया है कि चिंता की कोई बात नहीं है और वे आगे भी सभी विधायकों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।जेडीयू नेता ने यह भी स्पष्ट किया कि बैठक के दौरान सरकार गठन को लेकर किसी तरह की चर्चा नहीं हुई। फिलहाल पार्टी संगठन और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर ही बातचीत हुई है।
नीतीश के बेटे राजनीति में आने के योग्य: बीजेपी
हाल ही में बीजेपी प्रवक्ता प्रतूल शाह देव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आगमन पर भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निशांत कुमार अगर राजनीति में आ रहे हैं, तो वो इसलिए नहीं आ रहे हैं कि वो किसी मुख्यमंत्री के बेटे हैं, बल्कि वो इसलिए आ रहे हैं, क्योंकि उनके अंदर पूरी पात्रता है। मैं समझता हूं कि एक बार उनका पूरी तरह से विधिवत रूप से राजनीति में आगमन हो जाए, तो इसके बाद ही इस पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी की जाए, तो ज्यादा बेहतर रहेगा।
बता दें कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया।
