नेशनल हेल्थ अकाउंट्स (NHA) 2023–24 के आंकड़ों के मुताबिक, देश में प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च के मामले में राज्यों के बीच बड़ी असमानता सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, सिक्किम प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च में सबसे आगे है, जबकि बिहार इस सूची में सबसे नीचे है।
NHA की रिपोर्ट में स्वास्थ्य पर बड़े खुलासे
बिहार सबसे पीछे, सिक्किम सबसे आगे
आंकड़ों के मुताबिक, 2023–24 में बिहार में प्रति व्यक्ति सालाना सरकारी स्वास्थ्य खर्च ₹1,126 दर्ज किया गया है। इसके उलट सिक्किम में यह खर्च ₹16,026 प्रति व्यक्ति सालाना है। दोनों राज्यों के बीच यह अंतर करीब 14.2 गुना है, यानी सिक्किम सरकार प्रति व्यक्ति स्वास्थ्य पर बिहार के मुकाबले 14 गुना से ज्यादा खर्च कर रही है।
राज्यों के बीच बढ़ी खाई
रिपोर्ट से यह भी पता चलता है कि समय के साथ राज्यों के बीच यह असमानता कम होने के बजाय बढ़ी है। 2019–20 में सबसे अधिक और सबसे कम प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च करने वाले राज्यों के बीच का अंतर 10.3 गुना था, जो 2023–24 में बढ़कर 14.2 गुना हो गया। इससे साफ है कि सरकारी स्वास्थ्य खर्च के स्तर पर राज्यों के बीच की खाई और चौड़ी हुई है।
बिहार में बढ़ोतरी के बावजूद नहीं बदली तस्वीर
आंकड़ों के अनुसार, बिहार में सरकारी स्वास्थ्य खर्च में बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन उसकी स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है। 2019–20 में बिहार का प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च 701 रुपये था, जो 2023–24 में बढ़कर 1,126 रुपये हो गया। इस दौरान खर्च में करीब 60.6% की वृद्धि दर्ज की गई, फिर भी बिहार सभी 28 राज्यों में सबसे निचले पायदान पर बना हुआ है।
