India US Trade Deal : भारत-यूएस ट्रेड डील की घोषणा होने पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। बजट सत्र में हिस्सा लेने के लिए संसद भवन पहुंचे प्रधानमंत्री का स्वागत माला पहनाकर हुआ। एनडीए की तरफ से राकांपा सांसद प्रफुल्ल पटेल ने पीएम मोदी को माला पहनाकर स्वागत किया। इससे पहले एनडीए की संसदीय दल की बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया।
पीएम मोदी को माला पहनाकर किया स्वागत।
नवीन को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने माला पहनाई। बजट सत्र में लोकसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर चर्चा चल रही है। प्रधानमंत्री 4 फरवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई चर्चा का जवाब देंगे। अपने जवाब में वह भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर भी बोल सकते हैं।
आत्मविश्वास से सब कुछ संभव है-पीएम
प्रधानमंत्री ने मंगलवार को कहा कि आत्मविश्वास वह बल है जिससे सब कुछ संभव है और विकसित भारत के सपने को साकार करने में यही शक्ति काम आएगी। मोदी ने यह टिप्पणी अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनने के कुछ घंटों बाद की है। इस समझौते के तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर लिखा, 'आत्मविश्वास वह शक्ति है जिसके बल पर सब कुछ संभव है। विकसित भारत के सपने को साकार करने में देशवासियों की यही शक्ति बहुत काम आने वाली है।’
PM ने संस्कृत का यह श्लोक भी साझा किया
मोदी ने संस्कृत का यह श्लोक भी साझा किया- 'श्रीर्मङ्गलात् प्रभवति प्रागल्भ्यात् सम्प्रवर्धते। दाक्ष्यात् तु कुरुते मूलं संयमात् प्रतितिष्ठत।’उन्होंने इस श्लोक का अर्थ समझाते हुए लिखा, 'शुभ कार्यों से धन अर्जित होता है। यह साहस और आत्मविश्वास से बढ़ता है, कुशलता एवं दक्षता से स्थिर रहता है और संयम द्वारा सुरक्षित होकर राष्ट्र की प्रगति में सहायक बनता है।’
ट्रंप ने की डील की घोषणा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोमवार रात भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने की घोषणा की। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इस ट्रेड डील के साथ जवाबी टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि रूस से तेल खरीदने पर लगाए गए 25 प्रतिशत दंडात्मक टैरिफ को भी अमेरिका ने खत्म कर दिया है। अब भारतीय सामानों पर केवल 18 प्रतिशत ही टैरिफ लगेगा। हालांकि, दंडात्मक टैरिफ हटाने के बारे में अभी आधिकारिक पुष्ट नहीं हुई है।
