Heavy Rain In Sikkim: सिक्किम में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण मुख्य मार्ग के बाधित हो जाने से उत्तर सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में करीब 1500 पर्यटक फंस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दूसरी ओर भारी बारिश के कारण लापता आठ पर्यटकों की तलाश में बाधा आई और तीस्ता नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद अंततः तलाश अभियान स्थगित कर दिया गया। मंगन जिले में तीस्ता नदी में बृहस्पतिवार रात एक वाहन के गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जबकि आठ अन्य लापता हैं। लाचेन-लाचुंग राजमार्ग पर मुन्सिथांग के पास यह वाहन 1000 फुट से अधिक गहराई में नदी में गिर गया था। मंगन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोनम देचू भूटिया ने बताया कि लाचेन में 115 पर्यटक और लाचुंग में 1,350 पर्यटक फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण दोनों ओर से निकलने के रास्ते बंद है, इसलिए पर्यटकों को अपने होटलों में ही ठहरने की सलाह दी गई है और सड़कें पूरी तरह खुल जाने के बाद उन्हें स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
सिक्किम में भारी बारिश का कहर जारी, कई लोग लापता
लापता लोगों के मोबाइल और पहचान पत्र बरामद
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को बाधित हुई बिजली आपूर्ति आज बहाल हो गई, जबकि रविवार तक पेयजल आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि करीब 24 घंटे बाद अपराह्न लगभग तीन बजे मोबाइल नेटवर्क सेवाएं बहाल हो सकी। यहां एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में बादल फटने से हुई भारी वर्षा के कारण तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि आज कोई पर्यटक परमिट जारी नहीं किया गया है और कल भी उत्तर सिक्किम जाने के लिए परमिट जारी नहीं किया जाएगा। मंगन के जिलाधिकारी अनंत जैन ने कहा कि वह उस स्थान पर तैनात हैं जहां पर्यटक वाहन तीस्ता में गिरा था और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। एसपी ने बताया कि खोजी दल ने दुर्घटना स्थल के निकट नदी के किनारे से चार पहचान पत्र और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
