National Press Day 2026: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पत्रकारिता को तेजी से बदलती तकनीक के साथ खुद को ढालना होगा। उन्होंने जिम्मेदार पत्रकारिता, डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही और गलत सूचनाओं से निपटने पर जोर दिया।
नेशनल प्रेस डे पर अश्विनी वैष्णव बोले- अभिव्यक्ति की आजादी के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी। MIB
नई दिल्ली में सोमवार को प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से राष्ट्रीय प्रेस दिवस (National Press Day) मनाया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पत्रकारिता को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक जिम्मेदारी के बीच संतुलन बनाकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है और पत्रकारों को बदलते मीडिया परिदृश्य के साथ अपनी क्षमता और कौशल को भी लगातार बेहतर बनाना चाहिए।
इस साल राष्ट्रीय प्रेस दिवस की थीम 'पत्रकारिता: लोकलुभावन या जिम्मेदार?' (Journalism: Populist or Responsible) रखी गई थी। कार्यक्रम में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंजना प्रकाश देसाई, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार और वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
अगले पांच साल में तकनीक में होंगे बड़े बदलाव: अश्विनी वैष्णव
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि तकनीक जिस रफ्तार से बदल रही है, उसे देखते हुए अगले पांच वर्षों में उतने बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जितने पिछले दो दशकों में हुए हैं। उन्होंने युवा पत्रकारों से नई तकनीकों को अपनाने और लगातार अपने कौशल को अपडेट करने की अपील की।
उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए। मंत्री ने कहा कि गलत सूचनाओं, डीपफेक, भ्रामक विज्ञापनों, डिजिटल अरेस्ट और बच्चों को प्रभावित करने वाले हानिकारक कंटेंट जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए केवल कम्युनिटी गाइडलाइंस पर्याप्त हैं या नहीं, इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि बदलते डिजिटल मीडिया इकोसिस्टम को किस तरह नियंत्रित और जवाबदेह बनाया जाए, इस पर चर्चा जरूरी है, ताकि नागरिकों को सशक्त बनाया जा सके और नई चुनौतियों का समाधान निकाला जा सके।
हर खबर देने वाला पत्रकारिता के नैतिक मानकों से बंधा नहीं: पीसीआई अध्यक्ष
प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंजना प्रकाश देसाई ने प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा और पत्रकारिता के स्तर को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि तकनीक के विकास के कारण अब कुछ ही सेकंड में जानकारी लाखों लोगों तक पहुंच जाती है।
उन्होंने कहा कि आज मोबाइल और इंटरनेट कनेक्शन रखने वाला कोई भी व्यक्ति खबरें प्रसारित कर सकता है, लेकिन खबर देने वाला हर व्यक्ति पत्रकारिता के प्रशिक्षण और नैतिक मानकों से बंधा हुआ नहीं है। ऐसे में जिम्मेदार और नैतिक पत्रकारिता की अहमियत और बढ़ जाती है।
एआई पत्रकारों की मदद कर सकता है, उनकी जिम्मेदारी नहीं ले सकता
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने कहा कि पत्रकारिता में लोगों की रुचि और खबरों की विश्वसनीयता के बीच संतुलन जरूरी है। लोकप्रियता को सच्चाई से और वायरल होने की चाह को तथ्यों की पुष्टि से ऊपर नहीं रखा जाना चाहिए।
उन्होंने टीआरपी, क्लिक और डिजिटल एंगेजमेंट के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए संपादकीय विवेक, फैक्ट चेकिंग और खबरों तथा विचारों के बीच स्पष्ट अंतर बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पत्रकारिता में मदद कर सकता है, लेकिन पत्रकार की जिम्मेदारी और जवाबदेही नहीं निभा सकता।
प्रेस काउंसिल ने जारी किए पत्रकारिता के नए मानक
राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह के दौरान प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया ने 'नॉर्म्स ऑफ जर्नलिस्टिक कंडक्ट 2026' का नया संस्करण जारी किया। इसमें पत्रकारिता से जुड़े कई अहम विषयों पर अपडेटेड दिशानिर्देश शामिल किए गए हैं।
इनमें प्राकृतिक आपदाओं और संघर्ष की स्थितियों में रिपोर्टिंग, विरोध प्रदर्शनों और आंदोलनों की कवरेज, यौनकर्मियों और दिव्यांग व्यक्तियों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग तथा बच्चों की निजता की सुरक्षा जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा, ऑनलाइन मनी गेम्स से जुड़े विज्ञापनों को लेकर भी दिशानिर्देश शामिल किए गए हैं, जो प्रमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट, 2025 के अनुरूप हैं।
