NIA Raids Across Multiple States: राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने आतंकवादियों और कुख्यात अपराधियों की साठगांठ के मामले की अपनी जांच के तहत चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में छापे मारे। एनआईए के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला और प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) के अन्य संदिग्धों से संबंधित मामले में एनआईए द्वारा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में 30 स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई।
NIA ने आतंकवादियों और अपराधियों की साठगांठ मामले में की छापेमारी
गुरजंत सिंह से जुड़े ठिकानों पर NIA छापेमारी
प्रवक्ता ने बताया कि जिन परिसरों पर छापा मारा गया, वे डल्ला के विभिन्न संदिग्ध सहयोगियों के साथ-साथ बलजीत मौर और ऑस्ट्रेलिया में रह रहे गुरजंत सिंह से जुड़े थे। छापेमारी में डिजिटल उपकरणों सहित अन्य सामग्री की बरामदगी हुई। मामला 13 फरवरी को दर्ज किया गया था। यह मामला केटीएफ और अन्य आतंकी संगठनों की नापाक आपराधिक गतिविधियों से संबंधित है, जिसमें हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक, विस्फोटक उपकरण और नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय सीमापार तस्करी शामिल है।
एनआईए के प्रवक्ता ने पूर्व में कहा था कि आतंकवाद और माफिया के इस प्रकार के नेटवर्क और उनकी मदद करने वाले बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के अपने प्रयासों के तहत, एनआईए ने हालिया महीनों में कई लक्षित रणनीतियां अपनाई हैं जिनमें आतंकवादी गतिविधियों से अर्जित आय से प्राप्त संपत्तियों की कुर्की और जब्ती भी शामिल है।
