Nandini Curd Price Cut: कर्नाटक में नंदिनी दही की कीमतों में कटौती की गई है। राज्य सरकार के निर्देश पर कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (KMF) ने दही की कीमतों में दो रुपये प्रति किलो की कटौती की है। नई दरें 29 नवंबर से लागू होंगी। इसके बाद एक किलो दही 68 रुपये की बजाय 66 रुपये में मिलेगा। केएमएफ के मुताबिक, यह फैसला उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार के निर्देश पर लिया गया है।
नंदिनी दही के कम हुए दाम (प्रतीकात्मक तस्वीर: iStock)
500 ग्राम दही कितने का मिलेगा?
कर्नाटक में नंदिनी दही का 500 ग्राम वाला पैकेट 34 रुपये की जगह पर 33 रुपये का मिलेगा। वहीं, एक किलो दही के पैकेट की कीमत 68 रुपये से घटाकर 66 रुपये कर दी गई है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, केएमएफ ने कहा कि वह सहकारी सिद्धांतों के आधार पर काम करता है और उपभोक्ताओं के साथ-साथ दूध उत्पादकों के हितों का भी ध्यान रखता है। पिछले पांच दशकों से फेडरेशन कर्नाटक में लाखों डेयरी किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को डेयरी उत्पाद उपलब्ध करा रहा है।
फेडरेशन के मुताबिक, दूध उत्पादकों की मांग के बाद 1 नवंबर 2026 से नंदिनी दूध और दही की कीमतों में संशोधन किया गया था। हालांकि, इसके बाद राज्य सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए दही की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की कटौती करने का निर्देश दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: असम को मिलेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
दूध की कीमतों में हुआ था इजाफा
सनद रहे कि इससे पहले कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी। नई दरें एक नवंबर से लागू हुई थीं। इसके साथ ही दही की कीमतें भी बढ़ाई गईं। एक किलो दही का पैकेट 54 रुपये से बढ़ाकर 68 रुपये और 500 ग्राम का पैकेट 28 रुपये से बढ़ाकर 34 रुपये कर दिया गया था।
कीमतों में इस बढ़ोतरी को लेकर उपभोक्ताओं, विपक्षी नेताओं और होटल एसोसिएशनों ने नाराजगी जताई थी। अब सरकार के निर्देश के बाद दही की कीमतों में की गई कटौती से उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
