Mumbai-Ahmedabad Bullet Train: मुंबई से अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर काम जोरों पर है। लगभग 508 किलोमीटर लंबी मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना जिसे MAHSR बुलेट ट्रेन परियोजना भी कहा जाता है, महाराष्ट्र में 155.76 किलोमीटर, दादरा और नगर हवेली में 4.3 किलोमीटर और गुजरात में 348.04 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। बुलेट ट्रेन के रूट पर 12 स्टेशन होंगे। एक रिपोर्ट के अनुसार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि निर्माण चरण में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और अगस्त 2026 में इसका संचालन शुरू करने की योजना है।
Photo: Twitter@Railways
जानिए खास बातें
- मुंबई-अहमदाबाद पूरी यात्रा 2 घंटे 7 मिनट में पूरी होने की संभावना है। यात्रा के दौरान ट्रेन 10 शहरों ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती स्टेशनों पर रुकेगी।
- पूरे प्रोजेक्ट की लागत लगभग रु. 2 लाख करोड़ रुपये है। एनएचएसआरसीएल ने कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला चरण 2026 में शुरू होने की उम्मीद है।
- एनएचएसआरसीएल के अनुसार, रोजाना 35 ट्रेन चलेंगी और रोज करीब 92,900 यात्रियों के इसके इस्तेमाल करने की संभावना है।
- यात्री सुबह 6 बजे से आधी रात तक 30 मिनट के अंतराल पर ट्रेन में चढ़ सकते हैं।
- बुलेट ट्रेन लगभग 320 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने की उम्मीद है। देश में अभी ट्रेन की अधिकतम गति सीमा 160 किमी/घंटा है।
- हाई स्पीड ट्रेन में तीन श्रेणियां होंगी स्टैंडर्ड क्लास, बिजनेस क्लास और ग्रैंड क्लास।
बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में कितनी जमीन चाहिए
प्रोजेक्ट के लिए अब तक लगभग 1381.9 हेक्टेयर भूमि मिल चुकी है। हालांकि, इसके लिए लगभग 1389.5 हेक्टेयर जमीन चाहिए। भूमि अधिग्रहण की अधिकांश समस्याएं महाराष्ट्र राज्य में सामने आई है। जून 2023 तक, कुल 429.53 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया था, जो 2021 में 196.19 हेक्टेयर से अधिक है। मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में 1.6 करोड़ क्यूबिक मीटर सीमेंट और 17 लाख मीट्रिक टन स्टील की खपत होने की उम्मीद है और यह सीमेंट और स्टील उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगा।
साबरमती में होगा ओसीसी
लाइन का परिचालन नियंत्रण केंद्र (OCC) साबरमती में स्थित होगा। सवारियों के लिए दो प्रकार की सेवाओं के साथ ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
हाई स्पीड (2.58 घंटे की यात्रा): अहमदाबाद (साबरमती), अहमदाबाद (कालूपुर), आनंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा, वापी, बोइसर, विरार, ठाणे, मुंबई (बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स)
तीव्र हाई स्पीड (2.07 घंटे की यात्रा): अहमदाबाद (साबरमती), वडोदरा, सूरत, मुंबई, (बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स)
