Last Cabinet Meeting in South Block: प्रधानमंत्री कार्यालय का पता 13 फरवरी से बदल जाएगा। अब यह कार्यालय साउथ ब्लाक में नहीं बल्कि 'सेवा तीर्थ' में शिफ्ट होगा। साउथ ब्लॉक में आज कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 1.30 बजे नए दफ्तर का उद्घाटन करेंगे। इस कार्याल्य से शाम छह बजे पीएम का संबोधन भी होना है। आधिकारिक सूत्रों ने पुष्टि की है कि ब्रिटिश राज की जरूरतों को पूरा करने के लिए 1900 के दशक की शुरुआत में ब्रिटिश वास्तुकार हर्बर्ट बेकर द्वारा डिजाइन किए गए शाही परिसर में स्थित पीएमओ में यह मंत्रिमंडल की आखिरी बैठक होगी।
साउथ ब्लॉक में होगी मोदी कैबिनेट की आखिरी बैठक
'सेवा तीर्थ' में शिफ्ट हो जाएगा पीएमओ
शुक्रवार को शाम 4 बजे निर्धारित मंत्रिमंडल बैठक के बाद पीएमओ 'सेवा तीर्थ' में शिफ्ट हो जाएगा। यह कदम एक युग के अंत का प्रतीक होगा, क्योंकि सभी सरकारी विभाग नॉर्थ और साउथ ब्लॉक खाली कर रहे हैं - जो 1921 से सत्ता का केंद्र रहे हैं। सरकार की योजना इन प्रतिष्ठित इमारतों को 'युग युगीन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय' में बदलने की है, जो भारत की सभ्यतागत यात्रा को दर्शाने वाला एक विश्व स्तरीय संग्रहालय होगा।
यह स्थानांतरण भारत की प्रशासनिक संरचना और शासन को उपनिवेशवाद से मुक्त करने की सरकार की व्यापक पहल का हिस्सा है। 1921 से ही उत्तर और दक्षिण ब्लॉक देश की सत्ता के केंद्र रहे हैं। इससे पहले, गृह मंत्रालय लुटियंस दिल्ली के रायसीना हिल्स स्थित नॉर्थ ब्लॉक परिसर से शिफ्ट हो गया था।
मोदी 13 फरवरी को सेवा तीर्थ का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 फरवरी को सेवा तीर्थ (पीएमओ का नया भवन) के साथ-साथ कर्तव्य भवन 1 और 2 का उद्घाटन करेंगे। उनके कार्यालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि शुक्रवार को होने वाला यह उद्घाटन भारत की प्रशासनिक व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण बदलाव लाएगा और आधुनिक, कुशल, सुलभ और नागरिक-केंद्रित शासन प्रणाली के निर्माण के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रशासनिक व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक
यह उद्घाटन भारत की प्रशासनिक व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक है। सेवा तीर्थ में प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और मंत्रिमंडल सचिवालय स्थित हैं। कर्तव्य भवन-1 और 2 में वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय आदि कई प्रमुख मंत्रालय स्थित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 फरवरी, 2026 को दोपहर लगभग 1:30 बजे सेवा तीर्थ भवन परिसर के नामकरण का अनावरण करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन-1 और 2 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और शाम लगभग 6 बजे सेवा तीर्थ में एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
