प्रतिकूल हालात से निपटने के लिए देश भर में हुई मॉक ड्रिल, हर राज्य में दिखी जोरदार तैयारी, जानिए क्या-क्या हुआ

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले महीने हुए आतंकी हमले के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मॉक ड्रिल का निर्देश जारी किया था। जानिए इस दौरान क्या-क्या हुआ।

Mock Drills, Blackout Rehearsals: राष्ट्रव्यापी ‘ऑपरेशन अभ्यास’ के तहत बुधवार को विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हवाई हमलों, आग लगने की आपात स्थिति और खोज एवं बचाव कार्यों जैसे कई हालात का अनुकरण करने के लिए मॉक ड्रिल की गई। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले महीने हुए आतंकी हमले के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मॉक ड्रिल का निर्देश जारी किया था। पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच नए और जटिल खतरे सामने आए हैं, जिसके बाद मंत्रालय ने यह निर्देश जारी किया था। पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में मंगलवार देर रात पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर हमले किए।

mock dril

देशभर में हुई मॉक ड्रिल

दिल्ली

दिल्ली में कई स्थानों पर पीसीआर वैन और दमकल की गाड़ियां तैनात की गई थीं जबकि सुरक्षा कर्मियों और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को भी बड़ी संख्या में तैनात किया गया था। सायरन की आवाज के बीच सुरक्षित स्थानों पर भागते हुए निवासी, स्ट्रेचर पर घायल लोगों को ले जाने जैसे दृश्य दिल्ली में 55 स्थानों पर देखे गए। इसके अलावा ऊंची इमारतों तक पहुंचने और वहां फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए दिल्ली अग्निशमन सेवा की क्रेन का इस्तेमाल किया गया। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सायरन बजाया गया। डॉक्टरों की एक टीम और कई एम्बुलेंस के साथ दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दिल्ली भर के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने आपात स्थिति की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से सुरक्षा अभ्यास में भाग लिया, जिसमें व्यवस्थित तरीके से हटने का अभ्यास करना, डेस्क के नीचे शरण लेना और सायरन बजने पर बिजली के उपकरणों को बंद करना शामिल था।

End of Feed