Karnataka Milk Price Hike: कर्नाटक मंत्रिमंडल ने गुरुवार को दूध की कीमतों में आठ रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने बताया कि इसमें से सात रुपये किसानों को और एक रुपये सहकारी समितियों को मिलेगा। कीमतों में यह बढ़ोतरी एक नवंबर से लागू होगी।
कर्नाटक में दूध के बढ़े दाम (प्रतीकात्मक तस्वीर)
गौड़ा ने कहा, ''किसानों के सामने मौजूद संकट को देखते हुए विधान परिषद में सभी दलों के सदस्यों ने उनका समर्थन करने के लिए कदम उठाने की मांग की थी। दूध उत्पादक खुद भी विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर उतर आए थे और सहकारी समितियों ने भी कीमतों में बढ़ोतरी पर जोर दिया था।''
दूध के दाम 8 रुपये बढ़े
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा, ''इन मांगों का सम्मान करते हुए मंत्रिमंडल ने आज दूध उत्पादक किसानों को दिए जाने वाले दाम में सात रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इसके अलावा, सहकारी समितियों को एक रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त मिलेगा। इस तरह कुल बढ़ोतरी आठ रुपये प्रति लीटर होगी।''
'सर्वसम्मति से हुआ फैसला'
मंत्री ने बताया कि मंत्रिमंडल में इस मुद्दे पर दो-तीन बार चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा, ''हमने यह फैसला सर्वसम्मति से लिया है।'' उन्होंने कहा कि किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान उनकी सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री, पशुपालन मंत्री और सहकारिता मंत्री से मुलाकात की थी। उन्होंने दूध की कीमत में कम से कम 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने पर जोर दिया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ओमान तट के पास भारतीय जहाज पर संदिग्ध ड्रोन हमला, 2 नाविक घायल; 11 सुरक्षित
उन्होंने कहा, ''हालांकि किसानों ने दूध की कीमत में 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की मांग की थी, लेकिन लगा कि इतनी अधिक बढ़ोतरी नहीं की जा सकती। आज मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल में चर्चा के बाद हमने आठ रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया, जिसमें से सात रुपये किसानों को और एक रुपया दुग्ध सहकारी समितियों को मिलेगा।''
किसानों को मिलेंगे 42 रुपये प्रति लीटर
गौड़ा ने कहा कि फिलहाल कर्नाटक में किसानों को सरकार की ओर से पांच रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि के अलावा लगभग 35 रुपये प्रति लीटर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि आगे किसानों को मिलने वाला दाम 35 रुपये से बढ़कर 42 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। सरकार की ओर से पांच रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि जारी रहेगी। उन्होंने कहा, ''इसका मतलब है कि किसानों को सरकार की प्रोत्साहन राशि सहित कुल 47 रुपये प्रति लीटर मिलेंगे। इससे लाखों किसान परिवारों को लाभ होगा।''
