इंडिया गठबंधन मंगलवार दोपहर उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान करने जा रहा है। इसको लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर 19 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे विपक्षी दलों की बैठक होगी। माना जा रहा है कि इसी बैठक के बाद नाम की घोषणा की जाएगी।उम्मीदवारों की सूची में कई नामों पर चर्चा हो रही है।
उपराष्ट्रपति उम्मीदवार के नाम पर INDIA गठबंधन नेताओं की अहम बैठक
इनमें इसरो के पूर्व वैज्ञानिक मैलस्वामी अन्नादुरई का नाम भी शामिल है, जिन्होंने चंद्रयान-1 अभियान का नेतृत्व किया था। विपक्ष इस चुनाव को 'सविधान को बचने की लड़ाई' बताना चाहता है।
बैठक से पहले डीएमके की सांसद कनिमोझी ने अखिलेश यादव जैसे नेताओं से बात की और अपनी पार्टी के सुझाए उम्मीदवार का समर्थन करने की अपील की। वहीं, खबरें हैं कि डीएमके ने राज्यसभा सांसद तिरुचि शिवा का नाम भी आगे बढ़ाया है। हालांकि गठबंधन में यह राय बन रही है कि उम्मीदवार गैर-राजनीतिक होना चाहिए।
इधर, वाईएसआर कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन का समर्थन करेगी। इसके साथ ही एनडीए के पास 782 सांसदों वाले निर्वाचन मंडल में 438 का समर्थन हो गया है, जबकि INDIA के पास 323 सांसद हैं। बीजेडी समेत 21 सांसदों ने अभी तक अपना रुख साफ नहीं किया है।
सूत्रों के अनुसार, गठबंधन चाहता है कि उम्मीदवार या तो बिहार से हो, जहां जल्द चुनाव होने वाले हैं, या फिर तमिलनाडु से, जहां से एनडीए ने अपना प्रत्याशी उतारा है। हालांकि समाजवादी पार्टी और आरजेडी शुरू में मुकाबले के पक्ष में नहीं थे। उनका कहना था कि हारने वाली लड़ाई बिहार चुनावों पर असर डाल सकती है और कुछ साथी दल क्रॉस-वोटिंग भी कर सकते हैं। लेकिन अंत में वे भी गठबंधन के फैसले के साथ चलने को तैयार हैं।
