Bangalore Stampede Case: बेंगलुरु भगदड़ मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिन लोगों को पुलिस ने फिलहाल गिरफ्तार किया है उनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के 2 बड़े अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें आईपीएल फ्रैंचाइजी RCB के शीर्ष मार्केटिंग अधिकारी निखिल सोसले भी शामिल हैं। इस मामले में गिरफ्तार किए गए 3 अन्य लोगों में इवेंट मैनेजमेंट भी शामिल है। जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद से कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के 2 अधिकारी सचिव शंकर और कोषाध्यक्ष जयराम फरार चल रहे हैं। पुलिस उनके घर पहुंची, लेकिन वे नहीं मिले। पुलिस फिलहाल इनसे मामले को लेकर पूछताछ करने में जुटी है। आपको बता दें कि बेंगलुरु RCB के विक्ट्री परेड के आयोजन के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी जबकि कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए थे।
बेंगलुरु भगदड़ मामले में कई लोग गिरफ्तार
सीएम सिद्धारमैया ने गिरफ्तारी के दिए थे आदेश
बता दें कि इससे पहले बेंगलुरु भगदड़ मामले में सिद्धारमैया सरकार ने बड़ा एक्शन लेते हुए बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर समेत कई पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया था। कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया ने कहा था कि कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर, स्टेशन हाउस मास्टर, स्टेशन हाउस ऑफिसर, एसीपी, सेंट्रल डिवीजन डीसीपी, क्रिकेट स्टेडियम प्रभारी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस कमिश्नर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कर्नाटक उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश माइकल कुन्हा की अध्यक्षता वाले एक-सदस्यीय न्यायिक आयोग को सौंपते हुए, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), डीएनए इवेंट मैनेजर्स और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के प्रतिनिधियों की गिरफ्तारी का भी आदेश दिया था। सिद्धरमैया ने कहा था कि आज मंत्रिमंडल की बैठक हुई और कल की त्रासदी पर विस्तार से चर्चा की गई। कैबिनेट ने अपने विवेक से इस घटना की जांच कर्नाटक उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश माइकल कुन्हा की अध्यक्षता वाले एक सदस्यीय न्यायिक आयोग को सौंपने का निर्णय लिया है और हमने आयोग से 30 दिनों में रिपोर्ट देने को कहा है।
