INDIA Bloc Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) संस्थापक अभिजीत दिपके ने शनिवार को दिल्ली में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी से मुलाकात की।
तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी से मिले सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके
इस दौरान उन्होंने सीजेपी के आंदोलनों को समर्थन देने के लिए ममता बनर्जी का आभार जताया। साथ ही, उन्होंने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर रविवार को होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली के प्रति एकजुटता भी जाहिर की। हालांकि, दिपके ने स्पष्ट किया कि सीजेपी रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विपक्षी दलों की रैली में शामिल नहीं होगी।
दिपके ने ममता बनर्जी को कहा धन्यवाद
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दिपके ने बताया कि वह ममता बनर्जी से मुलाकात कर जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के मुद्दे पर हुए सीजेपी के पहले आंदोलन के दौरान उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहते थे। उन्होंने कहा कि जब सीजेपी नेताओं सौरव दास और अशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था, तब भी ममता बनर्जी मजबूती से उनके साथ खड़ी रहीं।
INDIA ब्लॉक की रैली में शामिल नहीं होगी CJP
रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली विपक्षी दलों की रैली में सीजेपी की भागीदारी को लेकर पूछे जाने पर दिपके ने कहा कि पार्टी आंदोलन का समर्थन करती है, लेकिन इसमें शामिल नहीं होगी। उन्होंने कहा, "हम कल होने वाले विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हैं और उसके प्रति एकजुटता जाहिर करते हैं, लेकिन सीजेपी एक स्वतंत्र संगठन है। यह एक निष्पक्ष मंच है और हम इसे इसी रूप में बनाए रखना चाहते हैं।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का 'जन महाभियोग', मॉक संसद में CEC पर लगाए गए 6 आरोप, खरगे बोले- खतरे में लोगों के अधिकार
वहीं, ममता बनर्जी ने एसआईआर और निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में अभिजीत दिपके और युवा कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा, ''उन्होंने कल की रैली के लिए अपना पूरा समर्थन दिया और हमने भी उन्हें पूरा सपोर्ट दिया है। वे इस आंदोलन के अगुआ और फाउंडर हैं। यह हमें याद रखना चाहिए।''
