राजधानी एक्सप्रेस में आग का तांडव, दो कोचों में लगी आग, तेजी से कार्रवाई कर सभी यात्री निकाले गए सुरक्षित

Rajdhani Express Fire: तिरुवनंतपुरम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। यह घटना कोटा रेल मंडल के लूणीरिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट के बीच हुई। त्वरित कार्रवाई के चलते सभी यात्री सुरक्षित निकाले गए।

Rajdhani Express Fire: तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। ट्रेन संख्या 12431 के बी-1 कोच में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 5:15 बजे कोटा रेल मंडल के लूणीरिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुई। आग लगने के बाद कुछ ही समय में धुआं फैल गया और स्थिति गंभीर हो गई। आग दो बोगियों तक पहुंच गई, जिससे यात्रियों में भारी दहशत फैल गई। कई यात्री घबराकर अपनी सीटों से उठ खड़े हुए और सुरक्षित जगह की ओर जाने लगे। हालांकि, रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को संभालने की कोशिश की। जिसमें सभी यात्री सुरक्षित निकाले गए।

रेलवे अधिकारी ने घटना को लेकर दी पूरी जानकारी

रेलवे अधिकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने कहा "आज सुबह 5:15 बजे तिरुवनंतपुरम से निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस की ट्रेन संख्या 12431 में आग लगने की सूचना मिली। यह घटना कोटा डिवीजन की ट्रेन के पिछले SLR और B1 कोच में हुई। आग लगते ही रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला, प्रभावित कोच को ट्रेन के बाकी हिस्से से अलग किया और दमकल विभाग, राज्य प्रशासन और रेलवे अधिकारियों को सूचित किया। त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई। आग पर लगभग पूरी तरह काबू पा लिया गया है। दमकल विभाग की तीन इकाइयां, एम्बुलेंस और नागरिक प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और मिलकर काम कर रही हैं। रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और कोटा से अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था की जा रही है। ट्रेन का शेष हिस्सा 30 से 45 मिनट में रवाना होने की उम्मीद है, जिसके बाद पटरी की मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा। इस घटना के कारण दोनों दिशाओं में ट्रेनों के संचालन में कुछ बदलाव हुए हैं, जिससे लगभग 5 से 6 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी जानकारी के लिए रेलवे वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें।"

End of Feed