Major Cache of RPG Ammunition Recovered : जम्मू कश्मीर के बारामूला में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। शनिवार शाम बारामूला जिले के नीलसर कांडी इलाके में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक गोला-बारूद बरामद किया गया। यह ऑपरेशन बारामूला पुलिस, 52 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और CRPF ने खुफिया जानकारी के आधार पर संयुक्त रूप से चलाया। सूचना मिली थी कि इलाके में आतंकियों से जुड़ा हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी गई है।
बारामूला में आतंकियों के छिपने के ठिकाने का भंडाफोड़।
संभावित बड़े खतरे को टाला गया
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने OG-7V रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) के 14 राउंड और PG-7P रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) के 9 राउंड बरामद किए। सूत्रों के अनुसार, इस बरामदगी से एक संभावित बड़े खतरे को टाल दिया गया है और इसे उत्तर कश्मीर में जारी आतंकवाद विरोधी अभियानों में बड़ी सफलता माना जा रहा है। बरामद गोला-बारूद को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है, जबकि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है ताकि आतंकियों से जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
मुस्तैद हैं सुरक्षाबल
वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त सुरक्षा बलों की समन्वित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच मजबूत तालमेल को दर्शाते हैं, जो क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
राजौरी में आतंकियों से मुठभेड़
जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर चलाए गए व्यापक घेराबंदी और तलाशी अभियान के बाद शनिवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इलाके में दो से तीन आतंकवादियों की गतिविधियों का संदेह था। व्हाइट नाइट कोर ने ’एक्स’ पर कहा, ’’आज पूर्वाह्न लगभग 11.30 बजे, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मिलकर खुफिया जानकारी पर आधारित एक संयुक्त अभियान के दौरान राजौरी के गंभीर मुगलन इलाके में आतंकवादियों के साथ आमना सामना हुआ।’’ उसने कहा कि सैनिकों ने त्वरित कार्रवाई के साथ जवाब दिया। इसमें कहा गया है, ’’मुठभेड़ शुरू हो गई है और घेराबंदी कर ली गई है। ’ऑपरेशन शेरुवाली’ जारी है।’’
