Lok Sabha Elections-2024: पिछले लोकसभा चुनाव में 'चौकीदार चोर है' की टिप्पणी के बाद भाजपा ने 'मैं भी चौकीदार हूं' का नारा चलाया था। ये नारा काफी हिट भी हुआ था। जिसके कारण बीजेपी को पिछले लोकसभा चुनाओं में भारी बहुमत मिला था। अब ऐसा ही नारा लालू प्रसाद यादव की PM मोदी के परिवार को लेकर टिप्पणी से के बाद सामने आया है। पीएम मोदी ने आज सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि मेरा भारत, मेरा परिवार!
3 मिनट 13 सेकेंड के गाने में मोदी सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया गया है। वीडियो में पीएम मोदी के भाषण से लेकर उनकी सभाओं तक के दृश्यों को भी दिखाया गया हैं। इसके अलावा, मैं मोदी का परिवार हूं गाने में कश्मीर के युवा लड़कों और लड़कियों को भी दिखाया गया है। वहीं देश की अलग-अलग भाषाओं में लोगों को 'मैं मोदी का परिवार हूं' कहते सुना जा सकता है। इससे पहले, 4 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित शीर्ष भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने हैंडल पर "मोदी का परिवार" नारा जोड़ा था।
जानकारी के लिए बता दें, 3 मार्च को राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने पटना में इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पीएम मोदी पर अपना परिवार नहीं होने को लेकर हमला किया था। इसके बाद भाजपा नेताओं ने पीएम मोदी के समर्थन में यह अभियान चलाया था। भाजपा का चुनावी गीत 'मैं मोदी का परिवार हूं' ऐसे दिन लॉन्च किया गया है जब इलेक्शन कमीशन लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों की भी घोषणा करने जा रहा है।
