महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Maharashtra Dy CM Eknath Shinde) का हेलीकॉप्टर पंढरपुर से मुंबई के लिए निकलते समय अचानक खराब हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हेलीकॉप्टर (Helicopter) की बैटरी में दिक्कत के कारण वो उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद एकनाथ शिंदे अब पुणे के रास्ते से मुंबई आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि एकनाथ शिंदे के साथ आ रहे सभी लोग सुरक्षित हैं।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के हेलीकॉप्टर में अचानक खराबी आ गई
गुरूवार यानी 19 नवंबर 2026 को पंढरपुर में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, लेकिन वे सुरक्षित हैं। यह खराबी गुरुवार दोपहर पंढरपुर हेलीपैड पर तब आई, जब शिंदे 'कार्तिकी यात्रा' की तैयारियों का जायजा लेने के बाद वहां से निकलने की तैयारी कर रहे थे। जब वे वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या सामने आई, इसके बाद सुरक्षा और तकनीकी कारणों को ध्यान में रखते हुए उनका सफर सड़क मार्ग से पुणे के लिए तय किया गया।
'बैटरी को चार्ज करने की कोशिशें भी नाकाम रहीं'
खबरों के अनुसार, बैटरी कम होने की वजह से एक इंजन तो चालू हो गया, लेकिन दूसरा इंजन शुरू नहीं हो सका। बैटरी को चार्ज करने की कोशिशें भी नाकाम रहीं। हेलीकॉप्टर के जमीन पर रहते ही इस खराबी का पता चल गया था, इसलिए कोई चोट या हादसा नहीं हुआ।
स्थानीय जिला और पुलिस अधिकारी तुरंत हेलीपैड पर पहुंच गए
स्थानीय जिला और पुलिस अधिकारी तुरंत हेलीपैड पर पहुंच गए। हेलीपैड पर लगभग 20 से 25 मिनट इंतजार करने के बाद, शिंदे सड़क मार्ग से पंढरपुर से पुणे के लिए रवाना हो गए, जहां से उन्हें आगे मुंबई जाना था। फिलहाल पंढरपुर हेलीपैड पर तकनीकी विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों की टीम हेलीकॉप्टर की जांच में जुटी है और विशेषज्ञ इंजन समेत अन्य तकनीकी हिस्सों का निरीक्षण कर रहे हैं।
