दंपति के बीच कहासुनी के बाद आई ऐसी नौबत, दिल्ली में ही उतारना पड़ा लुफ्थांसा का विमान

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 29, 2023, 02:30 PM IST

सूत्रों ने बताया कि विमान में सवार एक जर्मन व्यक्ति और उसकी थाई पत्नी के बीच कहासुनी होने के बाद विमान में स्थिति बिगड़ गई जिसके बाद विमान को आईजीआई हवाई अड्डे पर उतारा गया।

Lufthansa Flight: म्युनिख से बैंकॉक के बीच उड़ान भर रहे लुफ्थांसा के एक विमान में सवार एक दंपति के बीच कहासुनी के दौरान ऐसी नौबत आ गई कि विमान को बुधवार को दिल्ली लाना पड़ा और उन दोनों को इसमें से उतार दिया गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। लुफ्थांसा की उड़ान संख्या एलएच 772 को सुबह 10.26 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर उतारना पड़ा। इससे पहले विमान के पायलट ने एटीसी से संपर्क कर उन्हें हालात और संभावित उत्पाती यात्री के बारे में सूचना दी थी।

Flight

प्रतीकात्मक तस्वीर

जर्मन पति-थाई पत्नी

सूत्रों ने बताया कि विमान में सवार एक जर्मन व्यक्ति और उसकी थाई पत्नी के बीच कहासुनी होने के बाद विमान में स्थिति बिगड़ गई जिसके बाद आईजीआई हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति मांगी गई जो दे दी गई। एक अधिकारी ने बताया कि पत्नी ने पहले अपने पति के बर्ताव के बारे में पायलट से शिकायत की और कहा कि उसे धमकाया जा रहा है। अधिकारी के अनुसार विमान से उतरने के बाद दोनों को टर्मिनल क्षेत्र में ले जाया गया। इसके बाद विमान ने उड़ान भरी।

End of Feed