Lal Krishna Advani birthday : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के घर जाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। पार्टी के इस बुजुर्ग नेता को शुभकामनाएं देने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी उनके आवास पहुंचे। राजनाथ सिंह ने अपने ट्वीट में कहा कि 'आदरणीय आडवाणीजी के आवास पर जाकर उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दीं। मैं भगवान से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लम्बी आयु की कामना करता हूं।' भाजपा के संबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने वाले आडवाणी आठ नवंबर को 95 साल के हो गए।
लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देते पीएम मोदी।
अमित शाह ने दी बधाई
जन्मदिन के मौके पर भाजपा के कई नेताओं ने आडवाणी को शुभकामनाएं एवं बधाई संदेश दिए। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 'आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आडवाणी जी ने अपने सतत परिश्रम से एक ओर देशभर में संगठन को मजबूत किया तो वहीं दूसरी ओर सरकार में रहते हुए देश के विकास में अमूल्य योगदान दिया। ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।'
आधे घंटे तक आडवाणी के साथ रहे पीएम
इस मौके पर पीएम मोदी करीब आधे घंटे तक आडवाणी के साथ रहे और उनसे बातचीत की। पीएम ने उन्हें गुलाबों का एक गुलदस्ता भी भेंट किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यकर्ता में अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले आडवाणी का जन्म 1927 में हुआ। आडवाणी ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजयेपी के साथ मिलकर भाजपा की स्थापना 1980 में की।
भाजपा को मजबूत बनाने में आडवाणी का हाथ
साल 1998 से 2004 की एनडीए की सरकार में वह देश के गृह मंत्री रहे। वह 10वीं और 14वीं लोकसभा में विपक्ष के नेता रहे। भाजपा को आगे बढ़ाने में आडवाणी का सर्वाधिक योगदान माना जाता है। राम मंदिर के लिए निकाली गई उनकी रथयात्रा ने लोगों को भाजपा से जोड़ा और हिंदुत्व की भावना जगाई। आडवाणी साल 2009 में भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार भी थे।
