देश

'जिंदगी और मौत' का सवाल- तेलंगाना में ऐसा क्या होने जा रहा है कि लोगों से ये अपील कर बैठे AIMIM Chief ओवैसी

तेलंगाना में 15 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी इसी को लेकर चिंतित दिख रहे हैं।

Image

ईद-उल-अजहा के मौके पर हैदराबाद में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी (फोटो- AIMIM)

तेलंगाना में ऐसा क्या होने जा रहा है कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी को ईद मिलाप कार्यक्रम में लोगों से एक बड़ी अपील करनी पड़ गई, ओवैसी ने इस में जिंदगी और मौत का सवाल जोड़ दिया। दरअसल तेलंगाना में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) शुरू होने जा रहा है, विपक्ष इसे लेकर पहले ही आशंकित रहा है और चुनाव आयोग और भाजपा के बीच गठजोड़ का दावा करते रहा है, इसी को लेकर ओवैसी ये अपील कर रहे हैं।

ओवैसी की अपील

एक ईद मिलाप कार्यक्रम के दौरान एआईएमआईएम के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से SIR की प्रक्रिया में पूरी तरह सहयोग करने की अपील की। ओवैसी ने कहा, "25 जून से बूथ स्तर के अधिकारी (BLO) मतदाताओं के घरों पर जाकर इन्यूमरेटर फॉर्म (गणना फॉर्म) सौंपेंगे। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे इसे बेहद गंभीरता से लें। मैं यह बात भावनाओं को भड़काने या डराने के लिए नहीं कह रहा, बल्कि यह निश्चित रूप से हमारे लिए जिंदगी और मौत का मामला है।"

डेढ़ महीने से तैयारी कर रही है AIMIM

ओवैसी ने मतदाताओं से आग्रह किया कि फॉर्म मिलने पर उसे ध्यान से पढ़ें। उन्होंने कहा, "यदि आप पढ़ना नहीं जानते हैं, तो मजलिस के जिम्मेदार सदस्यों को दिखाएं जिन्हें बूथ स्तर का एजेंट (BLA) नियुक्त किया गया है, या किसी ऐसे व्यक्ति को दिखाएं जिस पर आप भरोसा करते हैं। यह जांचें कि वोटर मैपिंग सही ढंग से हुई है या नहीं, क्योंकि सही मैपिंग होने पर ही आपका नाम आगामी ड्राफ्ट लिस्ट में दिखेगा।" ओवैसी ने दावा किया कि उनकी पार्टी पिछले डेढ़ महीने से इस मुद्दे पर काम कर रही है और इसके लिए एक विशेष ऐप भी तैयार किया गया है।

क्या है निर्वाचन आयोग का पूरा शेड्यूल?

भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उद्देश्य फील्ड मशीनरी के बेहतर उपयोग के लिए इसे जनगणना के साथ जोड़कर पूरा करना है। इसके तहत तेलंगाना और पंजाब के लिए पात्रता तिथि 1 अक्टूबर, 2026 तय की गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार, इसकी प्रारंभिक तैयारी का चरण 15 जून, 2026 से 24 जून, 2026 तक चलेगा। इसके तुरंत बाद, 25 जून, 2026 से 24 जुलाई, 2026 तक बीएलओ (BLO) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। मतदाता सूचियों को सही करने का यह कार्य 24 जुलाई, 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। कुल मिलाकर, 36 करोड़ से अधिक मतदाताओं को कवर करने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान ने तेलंगाना में एक बड़ा सियासी रंग ले लिया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article