देश

'बाल्टी लेकर कतारों में खड़ी महिलाएं बनती जा रहीं दिल्ली की पहचान', आतिशी ने जल संकट का किया दावा; CM से मांगा समय

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट का दावा करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखा और इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तत्काल समय देने की मांग की। हालांकि, भाजपा ने आरोपों को खारिज कर दिया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया कि शहर में कोई बड़ा जल संकट नहीं है।

Image

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी (फोटो साभार: @AtishiAAP)

Photo : Twitter

Delhi Water Crisis: दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट का दावा करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखा और इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तत्काल समय देने की मांग की। पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने अपने पत्र में दावा किया है कि दिल्लीवासी, विशेषकर महिलाएं और बच्चे, संघर्ष कर रहे हैं क्योंकि वे पानी के टैंकरों के सामने लाइन में खड़े हो रहे हैं और आपूर्ति बाधित होने के कारण बोतलबंद पानी खरीद रहे हैं।

पत्र में क्या कुछ कहा गया?

आतिशी ने पत्र में लिखा है, ‘‘बाल्टी लेकर कतारों में खड़ी महिलाओं और बर्तन लेकर इंतजार करते बच्चों के दृश्य दिल्ली की नयी पहचान बनते जा रहे हैं।’’ उन्होंने सवाल किया कि क्या भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शहर के लोगों से यही वादा किया था।

पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा नीत दिल्ली सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि 24 घंटे तक जलापूर्ति बाधित की जा रही है, जबकि प्रशासन चुप है।

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र के साथ उपराज्यपाल, दिल्ली नगर निगम और मुख्यमंत्री भाजपा की ‘चार इंजन’ वाली सरकार होने के बावजूद, दिल्ली के नागरिक अभी भी पीने के पानी जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।’’ उन्होंने गुप्ता से लोकतांत्रिक मानदंडों का सम्मान करने और आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों को उनसे मिलने और दिल्ली के निवासियों की चिंताओं को उनके समक्ष रखने के लिए समय देने का आग्रह किया।

भाजपा ने आरोपों को किया खारिज

भाजपा ने हालांकि बाद में आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें ‘‘मनगढ़ंत झूठ’’ करार दिया। सत्तारूढ़ पार्टी ने वर्तमान स्थिति के लिए पिछली आप सरकार की विफलताओं को जिम्मेदार ठहराया। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया कि शहर में कोई बड़ा जल संकट नहीं है। उन्होंने किसी भी गंभीर व्यवधान से बचने के लिए वर्तमान सरकार की ग्रीष्मकालीन कार्य योजना को श्रेय दिया।

सचदेवा ने यहां जारी एक बयान में कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी के नेताओं के पास एक ही राजनीतिक विमर्श है, हर दिन एक झूठ और इसी विमर्श के तहत आतिशी ने दिल्ली में गंभीर जल संकट के बारे में झूठ गढ़ा है।’’ सचदेवा ने स्पष्ट किया, ‘‘हम यह दावा नहीं कर रहे हैं कि पानी की कमी नहीं है, लेकिन जल संकट नहीं है।’’

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें