Maharashtra land scam: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के करीबी पर लगे जमीन घोटाले के आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी है। नवी मुंबई में सिडको की 4,500 करोड़ रुपये की जमीन घोटाला मामले में सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट की जांच की घोषणा दो महीने पहले की गई थी। गुरुवार को कोकण प्रभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। शिरसाट पर विधायक रोहित पवार ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस। तस्वीर-PTI
नागपुर में 8 से विधानमंडल का शीतकालीन अधिवेशन
इस बीच 8 दिसंबर को नागपुर में विधानमंडल का शीतकालीन अधिवेशन शुरू हो रहा है। इसी पृष्ठभूमि में यह समिति गठित की गई है। यह जमीन यशवंत बिवलकर से संबंधित है। जांच समिति में ठाणे के मुख्य वन संरक्षक, रायगढ़ के जिलाधिकारी, सिडको के सह-प्रबंध निदेशक, ठाणे व रायगढ़ के मुख्य भूमि और भूमि अभिलेख अधिकारी तथा अलीबाग के उप वन संरक्षक शामिल हैं।
गठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा
दरअसल, महाराष्ट्र में सत्ताधारी गठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। हाल ही में शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने एक ऐसा बयान दिया था, जिसे भाजपा पर निशाने के तौर पर देखा गया था। अब महाराष्ट्र के सीएम और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने भी तीखा पलटवार किया है। फडणवीस ने कहा है कि हम भगवान राम के अनुयायी हैं और लंका तो हम जलाएंगे। महाराष्ट्र के पालघर में फडणवीस ने कहा कि 'जो लोग हमारे बारे में गलत बोलते हैं, उन्हें नजरअंदाज करिए। वे भले ही कह रहे हैं कि वे हमारी लंका जलाएंगे, लेकिन हम लंका में नहीं रहते। हम भगवान राम के अनुयायी हैं न कि रावण के। चुनाव के दौरान ऐसी बातें बोल दी जाती हैं, लेकिन इन्हें दिल से न लगाएं।'
‘लाडकी बहिन’ योजना जारी रखेगी सरकार-फडणवीस
फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार न केवल महिलाओं के लिए ‘लाडकी बहिन’ योजना जारी रखेगी, बल्कि अगले दो वर्षों में एक करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने का भी लक्ष्य है। फडणवीस अहमदपुर, उदगीर, रेनापुर और अन्य नगर निकाय चुनावों के लिए ‘महायुति’ के उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे थे। विभिन्न नगर परिषदों और स्थानीय निकायों के चुनाव दो दिसंबर को होंगे। सरकार की ‘लाडकी बहिन’ योजना के तहत, पात्र महिलाओं को 1500 रुपये की मासिक सहायता प्रदान की जाती है।
