विपक्षी गठबंधन की कल यानी एक नवंबर को होने वाली रैली से पहले सियासत तेज हो गई है। सीजेआई ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर प्रक्रिया में हुआ अनियमितताओं को लेकर होने जा रही इस रैली से पहले भारतीय जनता पार्टी विपक्ष पर हमलावर है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस रैली से पहले चुनौती देते हुए विपक्ष से पांच सवाल पूछे हैं। उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर सवाल उठाते हुए चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है।
किरेन रिजिजू। फोटो- एएनआई।
किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर विपक्षी दलों खास तौर पर कांग्रेस से पांच सवाल पूछे। उन्होंने सवाल करते हुए कांग्रेस पर करारा हमला भी बोला। उन्होंने लिखा कि एक परिवार की पार्टी, बाहरी ताकतों के साथ मिलकर, संविधान और भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश कर रही है।
- 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को केवल 44 सांसद कैसे मिले, जबकि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति उनकी ही सरकार ने की थी?
- जब 2024 में ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) नहीं थे, तब कांग्रेस को लगातार तीसरी बार (हैट्रिक) हार का सामना कैसे करना पड़ा?
- क्या कांग्रेस के मौजूदा मुख्यमंत्री इस्तीफा देंगे और 2014 से 2026 के बीच सरकारें बनाने के लिए माफ़ी भी मांगेंगे?
- क्या मतदाता सूची में शामिल उन लोगों के नाम हटा दिए जाने चाहिए जो अवैध प्रवासी हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जो कहीं और चले गए हैं या जिनके नाम दो बार दर्ज हैं?
- क्या 1952-56, 1958-61, 1965-66, 1983-84, 1987-88, 1993, 1995 और 2002-2004 में किए गए SIR (मतदाता सूची पुनरीक्षण) अवैध थे?
कांग्रेस कल दिल्ली में करने जा रही रैली
किरेन रिजिजू के ये सवाल तब आए हैं, जब कांग्रेस कल यानी एक नवंबर को राजधानी दिल्ली में केंद्र सरकार के खिलाफ एक बड़ी रैली करने जा रही है। किरेन रिजिजू के इस पोस्ट से एक दिन पहले ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक मैप शेयर कर आम जनता से इस रैली में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने पोस्ट में मैप के साथ ही कैप्शन लिखा था, 'कल मिलते हैं, साथ चलते हैं! कनॉट प्लेस मिंटो रोड जंक्शन, अजमेरी गेट, रामलीला मैदान. 1 नवंबर, दोपहर 12 बजे'
