खालिस्तानी नेता हत्या मामला: कनाडा को मिला अमेरिका का साथ, जस्टिन ट्रूडो के आरोपों की जांच के पक्ष में है यूएस

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 21, 2023, 07:18 AM IST

खालिस्तानी अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर हत्या मामला: अमेरिका ने कनाडा में खालिस्तानी अलगाववादी नेता निज्जर हत्या की गहन जांच का बुधवार को समर्थन किया। भारत ने मंगलवार को कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के आरोपों को बेतुका और निजी हितों से प्रेरित बताकर सिरे से खारिज कर दिया।

नई दिल्ली: अमेरिका ने कनाडा में जून में एक खालिस्तानी अलगाववादी की हत्या की गहन जांच का बुधवार को समर्थन किया। इससे दो दिन पहले कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने मामले में भारत सरकार के एजेंट की ‘संभावित’ संलिप्तता का आरोप लगाया था जिसके बाद भारत-कनाडा के बीच राजनयिक विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने भी ट्रूडो के आरोपों को ‘परेशान करने वाला’ बताया और अंतरराष्ट्रीय कानून, संप्रभुता और गैर-अहस्तक्षेप के सिद्धांतों का पालन करने के महत्व को रेखांकित किया। ट्रूडो ने सोमवार को ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में अपने बयान में कहा था कि कनाडा की धरती पर एक कनाडाई नागरिक की हत्या में किसी भी विदेशी सरकार की भागीदारी हमारी संप्रभुता का उल्लंघन है और यह अस्वीकार्य है।

Justin Trudeau, Khalistani separatist leader Hardeep Singh Nijjar murder case

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो

भारत ने मंगलवार को ट्रूडो के आरोपों को बेतुका और निजी हितों से प्रेरित बताकर सिरे से खारिज कर दिया और इस मामले में कनाडा द्वारा एक भारतीय अधिकारी को निष्कासित किए जाने के जवाब में एक वरिष्ठ कनाडाई राजनयिक को निष्कासित कर दिया। कनाडा में खालिस्तानी अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून को दो बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। गार्सेटी ने कहा कि जाहिर है, इस तरह के किसी भी आरोप से किसी को भी परेशानी होगी। लेकिन एक सक्रिय आपराधिक जांच के साथ, मुझे उम्मीद है कि हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि अपराधियों को कठघरे में लाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी के किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले हम सभी जानकारी जुटाने और जांच की अनुमति देते हैं।

End of Feed