Kejriwal New House: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के घर को लेकर बीजेपी ने आज एक प्रेस कांफ्रेंस में कई दावे किए, प्रवेश वर्मा ने कुछ फोटोज भी दिखाए, जिसके बाद अब आप की ओर से पूर्व सीएम आतिशी ने मोर्चा खोल लिया है। आतिशी ने कहा कि प्रवेश वर्मा ने फर्जी तस्वीरें दिखाईं है। आतिशी ने दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को चैलेंज भी किया है।
दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी (फाइल फोटो- AAP)
आतिशी ने दिया चैलेंज
आतिशी ने प्रवेश वर्मा को घेरते हुए कहा- "प्रवेश वर्मा द्वारा जारी कि गई सारी तस्वीरें फर्जी हैं। वे केजरीवाल जी के घर की तस्वीरें नहीं हैं। किसका घर कितना आलीशान है, इसका पता करने के लिए रेखा गुप्ता जी और LG साहिब अपना अपना घर खोल दें और केजरीवाल जी अपना घर खोल देंगे। जनता खुद तय कर लेगी।"
सौरभ भारद्वाज ने भी घेरा
प्रवेश वर्मा के दूसरे आरोपों पर सौरभ भारद्वाज ने पार्टी के सात सांसदों के बीजेपी में जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि आम आदमी पार्टी के असली कार्यकर्ता सरकारी एजेंसियों से कभी नहीं डरते। उन्होंने कहा, “कई वॉलंटियर्स मुझे फोन और मैसेज कर रहे हैं कि सात सांसद बीजेपी में शामिल हो गए। हमें एक बात समझनी होगी कि बीजेपी सरकार सवालों से डरती है। वह नहीं चाहती कि विपक्ष ऐसे सवाल उठाए जो उसे असहज करें। आम आदमी पार्टी सिर्फ इन सात राज्यसभा सांसदों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन कार्यकर्ताओं की पार्टी है जिन्होंने कभी पार्षद का टिकट तक नहीं मांगा और फिर भी अपने करियर, परिवार और पढ़ाई तक दांव पर लगा दी।”
प्रवेश वर्मा का क्या था दावा?
दिल्ली के मंत्री परवेश वर्मा ने शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा, "...आम आदमी पार्टी को 'अलीशान आदमी पार्टी' होना चाहिए... क्या केजरीवाल हमें बताएंगे कि लोधी रोड बंगले या नए शीश महल में कितना पैसा लगाया गया है? पैसा कहां से आया और किसका है?... क्या यह सच नहीं है कि आपकी लालच के कारण आपकी आम आदमी पार्टी के ईमानदार कार्यकर्ता आपकी पार्टी छोड़ रहे हैं... बार-बार ऐसा शीश महल बनाने की क्या जरूरत है?... इस शीश महल में किस कंपनी का पैसा लगा है?..." प्रेस कांफ्रेंस में प्रवेश वर्मा ने फोटोज दिखाते हुए कहा- "यह उनके पूरे घर का खाका है... जिस तरह से उन्होंने हर कमरे पर इतनी बुद्धि खर्च की है, अगर उन्होंने उतना ही समय दिल्ली के मामलों में लगाया होता, तो शायद आज उनके कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी नहीं छोड़ रहे होते।"
