Threat to Kejriwal: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने केजरीवाल से 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। इस मामले में तिलक नगर से MLA जरनैल सिंह को धमकी भरा फोन कॉल और वाट्सएफ मैसेज भेजा गया। MLA ने 6 नवंबर को मोहाली SSP को शिकायत दी और कहा कि आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मेंबर बताते हुए केजरीवाल को 7 करोड़ रुपये देने की धमकी दी। पैसे न देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को भी जान से मारने की धमकी दी गई।
AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल।
साइबर क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच
शिकायत के आधार पर मोहाली पुलिस ने BNS और IT एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है। इस बीच, पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल्स, IP लॉग्स और लोकेशन की जांच कर रही है। MLA ने केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा पक्की करने की भी मांग की है।
बीएनएस-आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आपराधिक धमकी, रंगदारी और आईटी एक्ट के तहत अपराध का पाया गया। इसके बाद बीएनएस की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत केस दर्ज किया गया। जांच साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।
व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशाट पुलिस को सौंपा गया
विधायक ने आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), आईपी लाग और लोकेशन ट्रेस कराने की मांग की है। उन्होंने आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल कर केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है। शिकायत के साथ धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशाट पुलिस को सौंपा गया है।
