देश

Karnataka: विजयपुरा में खूनी संघर्ष, जमीन विवाद में एक ही परिवार के 5 सदस्यों समेत 6 लोगों की बेरहमी से हत्या

Karnataka: कर्नाटक के विजयपुरा (Vijayapura) में जमीन विवाद में एक ही परिवार के 5 लोगों समेत 6 लोगों की हत्या कर दी गई है। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव फैल गया है।

Image

कर्नाटक के विजयपुरा में खूनी संघर्ष (प्रतीकात्म फोटो- Canva)

Karnataka: कर्नाटक के विजयपुरा (Vijayapura)जिले से दिल दहला देने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के चडचना तालुक के गोविंदपुरा गांव में शुक्रवार को संपत्ति विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में छह लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं।

जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस भीषण हत्याकांड के पीछे पुराना जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश है। शुक्रवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि इसने बेहद हिंसक रूप ले लिया और छह लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की सघन जांच कर रही है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

खूनी खेल का खौफनाक मंजर

रिपोर्टों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर को पीड़ित परिवारों के सदस्य बुवाई के लिए अपने खेत को तैयार करने गए थे। जैसे ही इस बात की भनक दूसरे पक्ष को लगी, वे भी तुरंत मौके पर पहुंच गए और वहां चल रहे कृषि कार्य का कड़ा विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी एक खूनी संघर्ष में बदल गई। हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और साथ ही धारदार हथियारों से भी हमला बोल दिया, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस को एक घंटे बाद मिली जानकारी

बताया जा रहा है कि यह पूरी वारदात शुक्रवार दोपहर 3 बजे से 4 बजे के बीच हुई। हालांकि, इस भयानक हमले के बाद गांव में इस कदर खौफ और दहशत फैल गई कि ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना देने की हिम्मत नहीं जुटाई। पुलिस को इस दिल दहला देने वाली घटना की जानकारी करीब एक घंटे बाद मिल सकी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article