देश

दिल्ली में तय हो रहा कर्नाटक सरकार गठन का फॉर्मूला; सिद्दा-शिव की 'लंच डिप्लोमेसी' में दिखे यतींद्र; खरगे-राहुल की अहम भूमिका

Karnataka Leadership Change: कर्नाटक में नई सरकार के गठन का फॉर्मूला जोरो-शोरो से राष्ट्रीय राजधानी में तय हो रहा है। निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्दारमैया, डीके शिवकुमार और केजे जॉर्ज के बीच 'लंच डिप्लोमेसी' भी हुई। साथ में यतींद्र भी दिखाई दिए।

Image

सिद्दा-शिव की लंच डिप्लोमेसी

Photo : PTI

Karnataka Leadership Change: कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्दारमैया ने भले ही राज्यसभा सीट की पेशकश ठुकरा दी हो, लेकिन दिल्ली में अहम बैठकें कर रहे हैं। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष डीके शिवकुमार भी शामिल हैं। शिवकुमार के मुताबिक, शनिवार को विधायक दल की बैठक होगी, जहां पर अगले मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होगा, जबकि कर्नाटक नेतृत्व की लड़ाई सिद्दा और शिव के बीच ही चल रही थी और सिद्दा ने कांग्रेस आलाकमान के निर्देश को मानते हुए सत्ता के शिखर की कुर्सी विन्रमता पूर्वक छोड़ दी।

सरकार गठन का तय हो रहा फॉर्मूला

सिद्दारमैया और शिवकुमार दोनों दिल्ली में सरकार गठन के फॉर्मूले पर विस्तृत चर्चा कर रहे हैं। दिल्ली में दोनों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं संग उच्च-स्तरीय बैठक भी की। इस बैठक में केजे जॉर्ज भी शामिल हुए। इसके बाद, नेताओं ने मिलकर लंच भी किया। राजनीतिक विश्लेषक इसे 'लंच डिप्लोमेसी' का नाम देते हैं। इससे पहले दिन में, शिवकुमार ने दिल्ली के एक होटल में कांग्रेस के अन्य नेताओं से मुलाकात की।

आलाकमान से मिले सिद्दारमैया

इससे पहले, सिद्दारमैया ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ मंत्रिमंडल फेरबदल, राज्यसभा चुनावों और अन्य संगठनात्मक मामलों पर चर्चा की। राजनीतिक हलकों में ऐसी भी चर्चाएं हैं कि सिद्दारमैया ने डिप्टी सीएम पद के लिए बेटे यतींद्र की पैरवी की। हालांकि, इसकी कोई पुख्ता जानकारी तो सामने नहीं आई है।

Siddaramaiah Kharge

सिद्दारमैया ने खरगे से की मुलाकात (फोटो साभार: @siddaramaiah)

शिवकुमार ने खरगे से की मुलाकात

कर्नाटक की राजनीति में नया अध्याय शुरू होने वाला है। इस नए अध्याय की नींव शिवकुमार रख रहे हैं। ऐसे में उन्होंने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। हालांकि, इस बैठक के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई।

खरगे-राहुल की अहम भूमिका

सूत्रों के मुताबिक, सिद्दारमैया से कांग्रेस आलाकमान ने एक आसान नेतृत्व परिवर्तन की इच्छा जाहिर की थी। जिसके दो दिन बाद ही सिद्दारमैया ने पद से इस्तीफा दे दिया, लेकिन इस्तीफे से पहले 'ब्रेकफास्ट डिप्लोमेसी' में विधायकों से बातचीत की और शिवकुमार को वहां पर आर्शीवाद दिया। इसकी तस्वीर खुद कर्नाटक कांग्रेस ने 'एक्स' पर शेयर की थी।

Shivakumar Siddaramaiah

सिद्दारमैया ने शिवकुमार को दिया आर्शीवाद

कर्नाटक मंत्रिमंडल में 20 नए चेहरों की संभावना

कांग्रेस विधायक अशोक पट्टन के मुताबिक, विधायक दल की बैठक में डीके शिवकुमार को नेता चुना जाएगा और वह सरकार बनाएंगे। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि 40 सदस्यों में से 20 नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। बकौल अशोक पट्टन, शिवकुमार का अब कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article