दक्षिण में बीजेपी ने अपना कुनबा बढ़ाना शुरू कर दिया है। कर्नाटक में बीजेपी ने जेडीएस के साथ शुक्रवार को गठबंधन फाइल कर दिया है। अमित शाह की मौजूदगी में आज जेडीएस के एनडीए में शामिल होने की घोषणा की गई है।
जेपी नड्डा ने की घोषणा
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नड्डा से हुई मुलाकात के बाद भाजपा अध्यक्ष ने इस गठबंधन की घोषणा की। नड्डा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- "हमारे वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी से मुलाकात की। मुझे खुशी है कि जद (एस) ने राजग का हिस्सा बनने का फैसला किया है। हम तहे दिल से उनका राजग में स्वागत करते हैं। इससे राजग को और मजबूती मिलेगी।"
येदियुरप्पा की कोशिश
कुमारस्वामी 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कर्नाटक में भाजपा के साथ अपनी पार्टी के गठबंधन पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंचे थे। दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की चर्चा तब से सुर्खियों में थी जब भाजपा के वरिष्ठ नेता और संसदीय बोर्ड के सदस्य बी एस येदियुरप्पा ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि उनकी पार्टी आम चुनावों के लिए जद(एस) के साथ गठबंधन करेगी और जद(एस) कर्नाटक में चार लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
पिछले चुनावों का हाल
कर्नाटक में लोकसभा की कुल 28 सीट हैं। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनावों में इनमें से 25 सीट जीती थीं, जबकि मांड्या सीट पर उसके समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार सुमलता अंबरीश ने जीत हासिल की थी। कांग्रेस और जद(एस) ने एक-एक सीट जीती थी। इस साल मई में हुए 224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 135 सीटों पर जीत मिली, जबकि भाजपा को 66 और जद (एस) को 19 सीटों पर जीत हासिल हुई।
