Karnataka CM: कर्नाटक में एक दिन पहले ही साफ हो गया था कि अगले मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार होंगे। कांग्रेस आलाकमान से सिद्दारमैया की जगह डीके शिवकुमार की ताजपोशी तय कर दी है। आज सिद्दारमैया को इस्तीफा देना था, उन्होंने राज्यपाल से मिलने के लिए समय भी मांग लिया था, लेकिन अब खबर है कि राज्यपाल, राजभवन में हैं ही नहीं, वो राज्य से अचानक से बाहर चले गए हैं। जिसके बाद अब यह सवाल उठने लगा है कि कर्नाटक की राजनीति में अब क्या होगा? क्या सिद्दारमैया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे, डीके शिवकुमार कैसे सीएम बनेंगे?
आज इस्तीफा दे सकते हैं कर्नाटक सीएम सिद्दारमैया (फाइल फोटो- PTI)
कहां गए कर्नाटक राज्यपाल?
लोकभवन के सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल पहले मुंबई गए और फिर वहां से इंदौर के लिए रवाना हुए। वे कल रात करीब 11 बजे निकले हैं। वे अपने एक बीमार रिश्तेदार से मिलने गए हैं।
क्या इस्तीफा देंगे सिद्दारमैया?
हां सिद्दारमैया इस्तीफा देंगे। ये कंफर्म है। अगर राज्यपाल नहीं पहुंचते हैं तो वो राजभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया आज दोपहर 3 बजे राज्यपाल भवन जाकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे। देर शाम सिद्दारमैया दिल्ली आकर टॉप लीडरशिप से मुलाकात करेंगे।
डीके का मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ
कर्नाटक में पिछले साल से ही नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं जारी हैं, लेकिन 20 नवंबर 2025 को कांग्रेस सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद यह बहस और तेज हो गई। खबरें हैं कि कांग्रेस आलाकमान ने राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का संकेत देते हुए सिद्धरमैया को पार्टी में केंद्रीय भूमिका तथा राज्यसभा सीट की पेशकश की है। हालांकि सूत्रों के अनुसार सिद्धरमैया ने अभी तक इस केंद्रीय भूमिका को स्वीकार नहीं किया है। सूत्रों का यह भी कहना है कि चूंकि यह संदेश सीधे राहुल गांधी की ओर से आया है, इसलिए सिद्धरमैया पद छोड़ने के लिए तैयार हो सकते हैं। मुख्यमंत्री पहले भी कई बार कह चुके हैं कि यदि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी उनसे पद छोड़ने के लिए कहेंगे, तो वह ऐसा करेंगे।
