तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के चौंकाने वाले नतीजों के तुरंत बाद अब राज्य की राजनीति में एक नया मोड़ आता दिख रहा है। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई के राजनीतिक भविष्य और उनके अगले कदम को लेकर सोशल मीडिया पर अटकलें तेज हो गई हैं। ऐसी खबरें चल रही हैं कि अन्नामलाई भारतीय जनता पार्टी से अलग होकर एक नया राजनीतिक मंच लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं। इसी भारी सस्पेंस के बीच, सोमवार को अन्नामलाई चेन्नई से देश की राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हुए।
एयरपोर्ट पर बिना BJP झंडे की गाड़ी ने खींचा सबका ध्यान
सोमवार को जब के. अन्नामलाई दिल्ली की फ्लाइट पकड़ने के लिए चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे, तो वहां एक बेहद चौंकाने वाला नजारा देखने को मिला। अन्नामलाई जिस गाड़ी से एयरपोर्ट पहुंचे थे, उस पर भाजपा का आधिकारिक झंडा गायब था। चल रही अफवाहों और बगावत की खबरों के बीच गाड़ी पर पार्टी के झंडे का न होना राजनीतिक पंडितों और मीडिया के लिए कौतूहल का विषय बन गया है और इसे भाजपा से उनके मोहभंग के रूप में देखा जा रहा है।
"कृपया दो दिन इंतजार करें..."
जब एयरपोर्ट पर मीडिया कर्मियों ने अन्नामलाई को घेर लिया और सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों पर सीधा सवाल किया, जिनमें दावा किया जा रहा है कि वह भाजपा छोड़कर नई पार्टी बनाने जा रहे हैं, तो उन्होंने इस पर कोई साफ इनकार नहीं किया। अन्नामलाई ने कहा "कृपया थोड़ा इंतजार कीजिए। हम अगले दो दिनों में एक साथ बैठेंगे और इस विषय पर विस्तार से बात करेंगे।" उनके इस "दो दिन इंतजार" वाले बयान ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को शांत करने के बजाय और ज्यादा बढ़ा दिया है, जिससे यह माना जा रहा है कि वह 4 जून को अपने जन्मदिन के मौके पर कोई बड़ा धमाका कर सकते हैं।
जन्मदिन से पहले चेन्नई की सड़कों पर लगे पोस्टर्स
आगामी 4 जून को के. अन्नामलाई का जन्मदिन है। इससे ठीक पहले चेन्नई की मुख्य सड़कों, चौराहों और गलियों में अन्नामलाई के समर्थन में बड़े-बड़े पोस्टर्स और होर्डिंग्स लगा दिए गए हैं। इन पोस्टर्स पर लिखे नारों ने साफ कर दिया है कि उनके समर्थक उन्हें एक नए और स्वतंत्र रूप में देखना चाहते हैं। पोस्टर्स पर स्लोगन लिखे हैं "हमारे नेता, आओ और हमारा नेतृत्व करो।"

चेन्नई के सड़कों पर लगे पोस्टर्स (चित्र साभार: ANI)
TVK की जीत के बाद बदला समीकरण
अन्नामलाई की यह संभावित बगावत ऐसे समय में सामने आ रही है जब तमिलनाडु की राजनीति पहले ही एक ऐतिहासिक बदलाव से गुजर चुकी है। हाल ही में हुए 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK (तमिलगा वेत्री कड़गम) ने अपने पहले ही चुनाव में 108 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है, जिसने दशकों पुराने DMK और AIADMK के दबदबे को खत्म कर दिया है। विजय ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 120 विधायकों के समर्थन के साथ तमिलनाडु के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। उनके नए कैबिनेट में 'बुसी' एन. आनंद, आधाव अर्जुना, केए सेंगोट्टइयन और केटी प्रभु जैसे मंत्रियों को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री विजय ने अपने पहले भाषण में धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय पर आधारित 'नए युग' की शुरुआत का आह्वान किया है।
