Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से घाटी में लगातार सुरक्षाबलों का सर्च आपरेशन जारी है। इस बीच, अधिकारियों ने घाटी के लगभग 50 पर्यटक स्थलों को बंद कर दिया। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर एहतियातन यह निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि पर्यटकों के लिए खतरे की आशंका के मद्देनजर कश्मीर के 87 सार्वजनिक पार्कों और उद्यानों में से 48 के गेट बंद किए गए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि आने वाले दिनों में और भी स्थलों को बंद किया जा सकता है।
कहां के पर्यटक स्थल हुए बंद?
अधिकारियों ने बताया कि बंद किए गए पर्यटक स्थल कश्मीर के दूर-दराज के इलाकों में हैं और इनमें पिछले 10 सालों में खोले गए कुछ नए पर्यटक स्थल भी शामिल हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, बंद किए गए पर्यटक स्थलों में दूषपथरी (Dooshpathri), कोकरनाग (Kokernag), डुक्सुम (Duksum), सिंथन टॉर (Sinthan Top), अच्छाबल (Acchabal), बंगस घाटी (Bangus valley), मार्गन टॉप (Margan Top) और तोसामैदान (Tosamaidan) शामिल हैं।
हालांकि, अधिकारियों ने इस संबंध में कोई औपचारिक आदेश जारी नहीं किया है लेकिन इन स्थानों पर प्रवेश रोक दिया गया है। दक्षिण कश्मीर के कई ‘मुगल गार्डन’ के द्वार बंद कर दिए गए हैं। इन पर्यटन स्थलों को बंद करने का फैसला पहलगाम के बैसरन में आतंकवादी हमले के एक सप्ताह बाद किया गया। 22 अप्रैल को हुए इस हमले में 26 लोग मारे गए थे जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।
