देश

पहलगाम हमले को लेकर राहुल और खरगे ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी; विशेष सत्र बुलाने की मांग; बोले- आतंक के खिलाफ हम एकजुट

Pahalgam Terror Attack: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर सरकार से मांग की कि दोनों सदनों के विशेष सत्र बुलाए जाए। राहुल गांधी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ हम एकजुट हैं।

Image

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (बाएं) और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे (दाएं)

Photo : ANI

Pahalgam Terror Attack: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर दोनों सदनों के विशेष सत्र बुलाने की मांग की। दरअसल, पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 22 लोगों की मौत हो गई थी जिसमें ज्यादातर पर्यटक थे। इस आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है।

खरगे ने PM मोदी को लिखा पत्र

कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए क्रूर आतंकी हमले से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए सामूहिक इच्छाशक्ति का प्रदर्शन करने हेतु संसद के दोनों सदनों का विशेष सत्र यथाशीघ्र बुलाया जाए।

मल्लिकार्जुन खरगे ने 'एक्स' पर पत्र साझा करते हुए कहा, ''इस समय एकता और एकजुटता जरूरी है और ऐसे में विपक्ष का मानना है कि संसद के दोनों सदनों का विशेष सत्र जल्द से जल्द बुलाया जाए। यह 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर हुए क्रूर आतंकवादी हमले से निपटने के लिए हमारे सामूहिक संकल्प और इच्छाशक्ति की एक मजबूत अभिव्यक्ति होगी। हमें आशा है कि सत्र बुलाया जाएगा।''

'आतंकवाद के खिलाफ हम एकजुट'

रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर संसद के दोनों सदनों का विशेष सत्र जल्द से जल्द बुलाने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने कहा कि हम आतंकवाद के खिलाफ हमेशा एकजुट हैं।

PM मोदी से खफा हैं खरगे!

मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को पीएम मोदी के सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं होने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में मोदी शामिल नहीं हुए। इसके साथ ही उन्‍होंने भाजपा पर समाज में फूट डालने की कोश‍िश करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि आज संकट की इस घड़ी में सभी लोग एकजुट होकर लड़ना चाहते हैं, लेकिन भाजपा जहर फैलाना चाहती है और फूट डालना चाहती है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article