Vande Bharat Express Food: वंदे भारत एक्सप्रेस के खाने में निकला लोहे का बोल्ट, IRCTC ने कैटरिंग कंपनी पर ठोका 2 लाख का जुर्माना

Vande Bharat Express Food: बेंगलुरु-बेलगावी वंदे भारत एक्सप्रेस में एक यात्री को परोसे गए वड़े में लोहे का बोल्ट मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर शिकायत वायरल होने के बाद IRCTC ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कैटरिंग कंपनी 'एक्सप्रेस फूड सर्विसेज' पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

Vande Bharat Express Food: भारतीय रेलवे की सबसे प्रीमियम ट्रेनों (Vande Bharat Train) में गिनी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में एक बार फिर खाने की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला बेंगलुरु से बेलगावी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस का है, जहां एक यात्री को परोसे गए नाश्ते के अंदर लोहे का एक बड़ा बोल्ट मिला। इस घटना के सामने आने के बाद इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित कैटरिंग कंपनी पर 2 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है।

Vande Bharat Express Food

रेलवे ने लिया कड़ा एक्शन (फाइल फोटो)

पीटीआई भाषा के मुताबिक यह पूरी घटना 27 नवंबर 2026 की है। ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री को खाने के साथ वड़ा परोसा गया था। जब यात्री ने वड़ा खाना शुरू किया, तो उसके अंदर लोहे का एक बड़ा बोल्ट देखकर वह हैरान रह गया। यात्री ने तुरंत इसकी तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर साझा की और रेलवे प्रशासन से इसकी शिकायत की। यात्री ने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह खाद्य गुणवत्ता में एक बहुत बड़ी चूक है और रेलवे को इस मामले पर तुरंत ध्यान देना चाहिए।

रेल मंत्रालय और IRCTC के अधिकारी हरकत आए

सोशल मीडिया पर यह शिकायत वायरल होते ही रेल मंत्रालय और IRCTC के अधिकारी हरकत में आ गए। रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला संज्ञान में आते ही खाना सप्लाई करने वाली कंपनी 'एक्सप्रेस फूड सर्विसेज' के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई है। लापरवाही बरतने के आरोप में कंपनी पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और भविष्य में खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई है।

रेलवे ने किचन की निगरानी व्यवस्था को भी कड़ा करने के दिए निर्देश

इसके अलावा, रेलवे ने किचन की निगरानी व्यवस्था को भी कड़ा करने के निर्देश दिए हैं। किचन की देखरेख के लिए नियुक्त सुपरवाइजर को आदेश दिया गया है कि खाना बनाना शुरू करने से पहले सभी मशीनों की अच्छी तरह जांच की जाए, ताकि मशीन का कोई पुर्जा खाने में न गिरे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सुपरवाइजर को इन निरीक्षणों की तस्वीरें और वीडियो एक तय व्हाट्सएप ग्रुप में रोजाना साझा करने को कहा गया है।

साथ ही, लाइसेंस धारक कंपनी को सलाह दी गई है कि वे फिलहाल अन्य सुरक्षित किचन से नाश्ते की व्यवस्था करें। संबंधित क्षेत्र के अधिकारी को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से उपकरणों की जांच करें और किसी भी तरह की खराबी दिखने पर उसे तुरंत ठीक करवाएं, जिससे भविष्य में यात्रियों की जान और सेहत के साथ ऐसा खिलवाड़ दोबारा न हो।

End Article
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर...

End of Feed