INS Vagir Teaser: भारतीय नौसेना की ताकत और बढ़ने वाली है। ऐसा इसलिए, क्योंकि 23 जनवरी, 2023 को अपनी नेवी में पांचवीं स्कॉर्पीन पनडुब्बी वगीर शामिल होने वाली है। चीफ ऑफ नेवल स्टाफ एडमिरल आर हरि कुमार इसकी कमिश्निंग के दौरान कार्यक्रम में रहेंगे। यह पिछले साल नौसेना को हासिल हुई थी। गुरुवार (19 जनवरी, 2023) को वगीर से जुड़ा एक टीजर जारी किया गया है, जिसमें इस सब्मरीन की कुछ झलकियां दिखाई गई हैं और यह इसमें समुद्र की लहरों को चीरते हुए नजर आई।
यह पनडुब्बी प्रोजेक्ट-75 का हिस्सा है, जिसमें स्कॉर्पीन या फिर कल्वरी क्लास की डीजल इलेक्ट्रिक हमला करने वाली पनडुब्बियां शामिल हैं। इन्हें फ्रांस के एमएस नेवल ग्रुप के सहयोग के तहत मुंबई के Mazagon Dock Shipbuilders Limited (एमडीएल) की ओर से भारत में ही बनाया गया है।
