मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित डुमना हवाई अड्डे पर सोमवार को एक इंडिगो विमान का टायर क्षतिग्रस्त हो जाने से उड़ान में करीब चार घंटे की देरी हुई। यह घटना उस समय हुई जब विमान ने मुंबई से यहां लैंडिंग कर यात्रियों को उतार दिया था और उसे ‘एप्रान’ यानी पार्किंग क्षेत्र में खड़ा करने के लिए ले जाया जा रहा था।
जबलपुर हवाई अड्डे पर इंडिगो प्लेन का टायर हुआ क्षतिग्रस्त (फोटो- PTI)
ये भी पढ़ें- एयर इंडिया का एक और विमान कैंसिल, केबिन में अधिक तापमान हो जाने के बाद भुवनेश्वर-दिल्ली उड़ान रद्द
उड़ान में हुई देरी
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। टायर बदलने के कारण विमान डुमना हवाई अड्डे पर रुका रहा, जिससे इसकी अगली उड़ान प्रभावित हुई। अधिकारी ने कहा कि प्रभावित विमान को शाम करीब साढ़े पांच बजे मुंबई भेजा गया। इस बीच, विमान में मौजूद ज्यादातर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बेंगलुरु और दिल्ली के रास्ते से अन्य उड़ानों का प्रबंध किया गया।
दोपहर की है घटना
डुमना हवाई अड्डे के निदेशक राजीव रतन पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए बताया कि विमान दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर मुंबई लौटने वाला था, लेकिन टायर की समस्या के कारण उड़ान में देरी हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि विमान यात्रियों के सुरक्षित उतरने के बाद ‘एप्रान’ में ले जाया जा रहा था, तभी टायर क्षतिग्रस्त हो गया। इंडिगो एयरलाइन के प्रवक्ता से इस मामले में कोई टिप्पणी अभी तक प्राप्त नहीं हो सकी है।
