IndiGo Emergency Landing: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में एक यात्री के पावर बैंक में आग लगने की घटना सामने आई है। इसके बाद विमान की हैदराबाद के शमशाबाद स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
इंडिगो की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग (फाइल फोटो)
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E6115 में हुई। बताया जा रहा है कि विमान में सवार एक यात्री के पावर बैंक में अचानक आग लग गई। इस घटना के तत्काल बाद सुरक्षा कारणों से विमान को हैदराबाद में उतारा गया।
अचानक केबिन से निकलने लगा धुआं
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, विमान के केबिन में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलने लगा था, जिसके बाद क्रू मेंबर्स ने तत्काल कार्रवाई की और पायलटों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ा गया।
एयरलाइन और आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के दौरान पावर बैंक में आग लगने से विमान में सवार यात्रियों के बीच चिंता की स्थिति पैदा हो गई। क्रू मेंबर्स ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कदम उठाए। इसके बाद विमान को सुरक्षित रूप से हैदराबाद एयरपोर्ट पर उतारा गया।
IndiGo का बयान आया सामने
इंडिगो ने इस घटना के कारण यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और असामान्य परिस्थितियों में भी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: फ्लाईदुबई मामले में आया नया मोड़, इजरायल के दो अधिकारियों पर कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट की जांच
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। उन्होंने कहा कि एयरलाइन यात्रियों को चेन्नई तक पहुंचाने के लिए विमान की व्यवस्था कर रही है। इंडिगो के मुताबिक, यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई और रिफ्रेशमेंट भी उपलब्ध कराया गया।
