Pralaya Missile: भारत ने ओडिशा तट के पास अब्दुल कलाम द्वीप से सतह से सतह पर मार करने वाली कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल (SRBM) ‘प्रलय’ का मंगलवार को सफल परीक्षण किया। एक रक्षा अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस मिसाइल को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने विकसित किया है। अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब नौ बजकर 50 मिनट पर प्रक्षेपित की गई मिसाइल ने अपने सभी मिशन उद्देश्यों को पूरा किया।
प्रलय मिसाइल का सफल प्रक्षेपण (फाइल फोटो)
500 से 1,000 किलो का पेलोड ले जाने में सक्षम
उन्होंने बताया कि समुद्र तट के पास कई उपकरणों ने इसके प्रक्षेप पथ पर नजर रखी। अधिकारी ने कहा कि ‘प्रलय’ 350-500 किलोमीटर की कम दूरी वाली सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल है, जो 500 से 1,000 किलोग्राम का पेलोड साथ ले जाने में सक्षम है। उन्होंने बताया कि ‘प्रलय’ को वास्तविक नियंत्रण रेखा और नियंत्रण रेखा के पास तैनात करने के लिए विकसित किया गया है।
